लेटेस्ट न्यूज़
1 Sep 2025, Mon

रूस-भारत कंधे से कंधा मिलाकर चले… चीन में पीएम मोदी और पुतिन के बीच लंबी बातचीत, यूक्रेन युद्ध पर भी हुई चर्चा

बीजिंग। चीन में SCO समिट के दौरान तीन बड़ी शक्तियां भारत, चीन और रूस एक ही मंच पर एक साथ दिखे। पीएम मोदी, रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एक दूसरे से मुलाकात की और मीटिंग की। SCO समिट के कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। जहां एक तरफ अमेरिका इस वक्त रूस से तेल खरीदने पर भारत पर अतिरिक्त टैरिफ लगा रहा है और टारगेट कर रहा है। वहीं, इसी बीच दोनों देशों के बीच यह वार्ता काफी अहम रही।
चीन में SCO समिट के बाद प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच द्विपक्षीय चर्चा हुई। चीन के तियानजिन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान पीएम मोदी ने कहा, मुझे हमेशा लगता है कि आपसे मिलना एक यादगार बैठक होती है। हमें कई विषयों पर जानकारी साझा करने का अवसर मिला है। हम लगातार संपर्क में रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच नियमित रूप से कई उच्च-स्तरीय बैठकें हुई हैं। 140 करोड़ भारतीय इस साल दिसंबर में होने वाले हमारे 23वें शिखर सम्मेलन के लिए आपका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह हमारी विशेष साझेदारी की गहराई और व्यापकता को दर्शाता है।

“दोनों देश कंधे से कंधा मिलाकर चले हैं”
पीएम मोदी ने रूस और भारत के संबंधों को लेकर कहा, मुश्किल से मुश्किल हालात में भी भारत और रूस हमेशा कंधे से कंधा मिलाकर चले हैं। हमारा करीबी सहयोग न सिर्फ दोनों देशों के लोगों के लिए बल्कि वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, हम यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर लगातार चर्चा करते रहे हैं। हम शांति के लिए हाल के सभी प्रयासों का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। संघर्ष को जल्द से जल्द समाप्त करने और स्थायी शांति स्थापित करने का रास्ता खोजना होगा। यह पूरी मानवता की पुकार है।
पुतिन ने पीएम मोदी से मिलकर जताई खुशी
इस मौके पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पीएम मोदी के साथ हुई मुलाकात पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री जी, आपसे मिलकर खुशी हुई। यह अहम है कि हम एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान मिल रहे हैं। यह एक ऐसा मंच है जो ग्लोबल साउथ और ईस्ट के देशों को एकजुट करता है।
“रूस के लिए भारत अहम साझेदार”
राष्ट्रपति पुतिन ने इस मौके पर कहा, इस दौरान पुतिन ने कहा, रूस के लिए भारत अहम साझेदार है। इस मुलाकात से दोनों के बीच रिश्ते गहरे होंगे। मुश्किल हालात में भी भारत-रूस साथ रहे। उन्होंने आगे कहा, रूस और भारत के बीच बहुत विश्वसनीय रिश्ते बने हुए हैं। हम अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं जैसे संयुक्त राष्ट्र (UN) या ब्रिक्स (BRICS) में हमेशा एक साथ अपनी आवाज उठाते हैं। पुतिन ने कहा, आज की यह बैठक हमारे रिश्ते को और मजबूत बनाएगी। रूस और भारत के बीच भरोसेमंद साझेदारी है और यह लगातार आगे बढ़ रही है। यह राजनीति से परे है, क्योंकि लोगों का भी इस रिश्ते में पूरा समर्थन है। 21 दिसंबर को हमारे विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के 15 साल पूरे हो जाएंगे। मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि हमारा रिश्ता सिद्धांतों पर आधारित है और इसमें कई क्षेत्रों में सहयोग है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।