तरबगंज (गोंडा)। स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया की तरबगंज शाखा द्वारा “KYC: सुरक्षित बैंकिंग की ओर पहला कदम” विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शाखा प्रबंधक उज्ज्वल कुमार ने किया। इस अवसर पर ग्राहकों एवं आमजन को KYC अद्यतन की आवश्यकता, डिजिटल बैंकिंग की सुरक्षा, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा बैंकिंग गोपनीयता बनाए रखने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को विशेष रूप से जागरूक किया गया कि वे किसी भी परिस्थिति में OTP, ATM PIN, पासवर्ड अथवा अन्य संवेदनशील बैंकिंग जानकारी किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ संदिग्ध कॉल, लिंक एवं संदेशों से सावधान रहने की भी सलाह दी गई।
शाखा प्रबंधक उज्ज्वल कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाना प्रत्येक ग्राहक की जिम्मेदारी है। डिजिटल लेन-देन को सुविधाजनक बनाने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी ग्राहकों से समय-समय पर KYC अपडेट कराने एवं बैंक द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के बैंक मित्र एवं नागरिकों की सक्रिय उपस्थिति के साथ ही सीएसपी बालेंद्र मिश्रा (रामपुर टेंगराहा), राम कृष्णा, रोहित पांडेय, सोमनाथ प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने बैंक की इस पहल की सराहना की तथा इसे वित्तीय जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

