‘शशि थरूर को विदेश मंत्री बनना है, पवन खेड़ा बस कठपुतली’, मणिशंकर अय्यर का कांग्रेस नेताओं पर बड़ा हमला

नई दिल्ली। अपने बयानों की वजह से विवादों में रहने वाले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने अपनी पार्टी के दिग्गज नेताओं को निशाने पर लिया है। उन्होंने शशि थरूर, पवन खेड़ा और जयराम रमेश के बारे में विवादित बातें कही हैं। उनका यह भी कहना है कि कांग्रेस पार्टी केरल में आगामी विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाएगी।
एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, मणिशंकर अय्यर ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी केरल में विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाएगी क्योंकि पार्टी के नेता कम्युनिस्टों से ज्यादा एक-दूसरे से नफरत करते हैं।’ अय्यर का यह बड़ा बयान केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की हाल ही में की गई तारीफ पर मचे बवाल के बीच आया है। उन्होंने भविष्यवाणी की थी कि आने वाले चुनावों के बाद भी लेफ्ट के दिग्गज नेता टॉप पोस्ट पर बने रहेंगे।
अय्यर ने खेड़ा को बताया कठपुतली
कांग्रेस ने इस बयान से खुद को अलग कर लिया है। पार्टी नेता पवन खेड़ा ने कहा कि अय्यर का कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है और वह अपने व्यक्तिगत विचार पेश कर हैं। इस पर अय्यर ने खेड़ा को कठपुतली बताया और कहा कि वह पार्टी के प्रवक्ता नहीं हैं। उन्होंने कहा, ‘वह पिछले दो साल से मुझ पर आरोप लगा रहे हैं। अगर कांग्रेस पार्टी को पवन खेड़ा के अलावा कोई और प्रवक्ता नहीं मिला तो उसकी हालत ऐसी ही होगी।’
‘केरल में नहीं जीतेगी कांग्रेस’
केरल में कांग्रेस की जीत की संभावनाओं पर एक सवाल के जवाब में अय्यर ने कहा, ‘मैं चाहता हूं कि कांग्रेस जीते, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा क्योंकि कांग्रेस के नेता बंटे हुए हैं। वे कम्युनिस्टों से ज्यादा एक-दूसरे से नफरत करते हैं।’
जयराम रमेश पर भी साधा निशाना
अय्यर ने तिरुवनंतपुरम से चार बार के सांसद शशि थरूर पर भी तीखी टिप्पणी की। थरूर को एंटी-पाकिस्तान बताते हुए अय्यर ने कहा कि वह ‘अगला विदेश मंत्री’ बनने की ख्वाहिश पाले हुए हैं। अय्यर ने यह भी कहा कि कांग्रेस के संचार प्रमुख जयराम रमेश को अपनी नौकरी बचानी है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular