पाकिस्तान के खिलाफ आक्रामक रुख रखने पर अंकुश नहीं लगाएंगे सूर्यकुमार, बोले- इसके बिना काम नहीं चलेगा

नई दिल्ली। एशिया कप की आज से शुरुआत हो रही है और इससे पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए मैदान पर आक्रमकता होना जरूरी है। हालांकि, पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा के विचार इसे लेकर उलट है और उनका कहना है कि उनकी ओर से टीम के सदस्यों को ऐसा कोई संदेश नहीं जाएगा।
सूर्यकुमार से पूछा गया था कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच में क्या खिलाड़ी आक्रामकता कम करेंगे। इस पर सूर्यकुमार ने कहा, ‘मैदान पर आक्रामकता हमेशा रहती है। अगर आपको जीतना है तो इसके बिना काम नहीं चल सकता। मैं आक्रामकता के साथ मैदान पर उतरने को लेकर उत्साहित हूं।’ इसी सवाल पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा, अगर कोई आक्रामक होना चाहता है तो यह उसका फैसला है। जहां तक मेरी टीम का सवाल है तो मैं कोई दिशा निर्देश किसी को नहीं देता। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप का मुकाबला ऐसे समय हो रहा है जब दोनों टीमों के बीच रिश्ते काफी तनावपूर्ण चल रहे हैं। इस साल अप्रैल में पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था जिसमें 26 पर्यटक मारे गए थे, जिसके बाद भारत ने इसका बदला लेने के लिए ऑपरेशन सिंदूर नाम से सैन्य अभियान चलाया था। एशिया कप की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सूर्यकुार और सलमान एक दूसरे के बगल में नहीं बैठे।
सूर्यकुमार बोले- टीम अच्छी लय में है
सूर्यकुमार ने कहा कि अच्छे अभ्यास सत्र के बाद उनकी टीम लय में है। उन्होंने कहा, ‘हमने कुछ अच्छे अभ्यास सत्र किए। अच्छा लग रहा है। एशिया कप की सर्वश्रेष्ठ टीमों से खेलना अच्छी चुनौती होगी।’ भारतीय के पूर्व खिलाड़ी लालचंद राजपूत यूएई टीम के कोच हैं और उनकी टीम भले ही कमजोर मानी जा रही हो लेकिन भारतीय कप्तान ने कहा कि वह मेजबान को हलके में नहीं लेंगे।
उन्होंने कहा, ‘वे शानदार क्रिकेट खेल रहे हैं और हाल ही में त्रिकोणीय सीरीज में कुछ करीबी मुकाबले खेले हैं। उम्मीद है कि वे एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’ यह पूछने पर कि क्या पहले मैच में भारतीय टीम कोई प्रयोग करेगी? इस पर सूर्यकुमार ने कहा, जब आप किसी प्रारूप में खेलते हैं तो आपको यह जानना होता है कि तैयारी कितनी अच्छी है। बिना वजह प्रयोग की क्या जरूरत है। अगर हमें नतीजे मिल रहे हैं तो बदलाव क्यों करेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular