सूर्यकुमार यादव ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर बने नंबर 1 बल्लेबाज

जयपुर। पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल 2025 का 69वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई इंडियंस के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने वो कर दिखाया जो टी20 क्रिकेट में अब तक कोई नहीं कर पाया है। पंजाब के खिलाफ तूफानी अर्धशतकीय पारी के साथ सूर्यकुमार यादव ने अपने नाम खास उपलब्धि दर्ज की है। इस मैच में पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस पहले बल्लेबाजी करते हुए जब रयान रिकेल्टन 27 रनों के निजी स्कोर पर मार्को जानसेन की गेंद पर श्रेयस अय्यर को कैच थमा बैठे तब सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने के लिए आए। उन्होंने तीसरे नंबर पर आकर अर्धशतकीय पारी खेली। इस पारी के साथ ही सूर्यकुमार यादव ने एक खास उपलब्धि अपने नाम हासिल कर ली है। सूर्या टी20 क्रिकेट इतिहास में लगातार सबसे ज्यादा बार 25 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्हें पंजाब के खिलाफ 39 बॉल में 6 चौके और 2 छक्कों के साथ 57 रनों की पारी खेलकर टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 25 या उससे ज्यादा लगातार रन बनाने के मामले में टॉप पर कब्जा कर लिया है।
सूर्यकुमार यादव ने लगातार 14 टी20 पारियों में 25 या उससे ज्यादा रन बनाकर विश्व रिकॉर्ड बना डाला है। सूर्या से पहले ये रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के टेम्बा बावुमा के नाम था। उन्होंने लगातार 13 पारियों में 25+ स्कोर बनाया है। अब सूर्या उनसे आगे निकल गए हैं। इसके साथ ही ब्रैड हॉग, जैक्स रूडोल्फ, कुमार संगकारा, क्रिस लिन और काइल मेयर्स ने लगातार 11 पारियों से 25+ का स्कोर बनाया था। अब सूर्या सबसे आगे निकलकर शीर्ष पर हैं।
इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ने मुंबई के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़कर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया है। सचिन ने आईपीएल साल 2010 में मुंबई के लिए 618 रन बनाए थे। तब से वो मुंबई के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे लेकिन अब सूर्यकुमार यादव ने आईपीएल 2025 में अब तक 14 पारियों में 640 रन बना लिए हैं। वो मुंबई के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular