नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की फैन फॉलोइंग काफी ज्यादा है। सोशल मीडिया पर क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा विराट कोहली के ही फॉलोअर्स हैं। खास बात ये है कि विराट को सिर्फ क्रिकेट खेले और देखे जाने वाले देशों में फैंस नहीं है बल्कि उन देशों में भी फैंस हैं जहां क्रिकेट के अलावा दूसरे स्पोर्ट्स खेले जाते हैं।
इसका अंदाजा सर्बिया के महान टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच के हाल ही में दिए गए एक बयान से लगाया जा सकता है। जिसमें उन्होंने विराट कोहली को दोस्त और क्रिकेट को फॉलो करने की एक वजह भी बताया।
जोकोविच ने लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2026 के मौके पर कहा, विराट एक दोस्त हैं और जाहिर है, मैं उनका सम्मान और तारीफ करता हूं, सच कहूं तो उन्हीं की वजह से मैं ने क्रिकेट देखना शुरू किया था।
उन्होंने ये भी कहा, जब मैं भारत आऊंगा, तो उम्मीद है कि वह मेरे साथ होंगे। तब हम थोड़ा टेनिस खेलेंगे, थोड़ा क्रिकेट खेलेंगे, मजे करेंगे, लोगों के बीच सकारात्मक और अच्छी भावनाएं फैलाएंगे और खेल का जश्न मनाएंगे।
इस मौके पर जोकोविच ने भारतीय प्रशंसकों से मिलने वाले प्यार और सम्मान पर गहरा आभार भी व्यक्त किया। साथ ये भी कहा कि वो बहुत जल्द भारत का दौरा करने वाले हैं।
बता दें कि कोहली और जोकोविच के बीच दोस्ती काफी पुरानी है। कोहली विंबलडन मे जोकोविच का मैच भी देखने जाया करते हैं। पिछले साल विंबलडन 2025 में, कोहली ने अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ जोकोविच का मैच देखा था। बाद में उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए सर्बियाई खिलाड़ी के लिए एक दिल को छू लेने वाली स्टोरी पोस्ट की थी। जिसमें उन्होंने लिखा था, क्या जबरदस्त मैच था! इस योद्धा के लिए तो यह रोज की बात थी।
पिछले साल मई में, जब कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी, तब 24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच ने इस महान बल्लेबाज के लिए एक पोस्ट भी किया । उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर भारतीय बल्लेबाज की संन्यास से जुड़ी पोस्ट को दोबारा शेयर किया और उसके साथ एक टैग जोड़ा, जिसमें लिखा था, अविश्वसनीय पारी विराट कोहली।
सचिन-लारा नहीं, विराट कोहली की वजह से क्रिकेट देखना शुरू किया, टेनिस स्टार जोकोविच का बड़ा खुलासा

