लेटेस्ट न्यूज़
22 May 2025, Thu

UN में उठा पहलगाम हमले का मुद्दा, सभी एक सुर में बोले- नागरिकों को निशाना बनाना स्वीकार नहीं

संयुक्त राष्ट्र। पहलगाम हमले का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में भी उठा है। हमले की वैश्विक नेताओं ने भी निंदा की है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार नहीं है। इसे किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
संयुक्त राष्ट्र में भारत की ओर से हुए भविष्य के डिजिटल नागरिक को सशक्त बनाना: एकीकृत डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना (डीपीआई) की ओर विशेष कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र के दूतों और नेताओं ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। संयुक्त राष्ट्र महासभा के 79वें सत्र के अध्यक्ष फिलेमोन यांग ने कहा कि मैं जम्मू-कश्मीर में हाल ही में हुए हमलों के पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करना चाहता हूं। नागरिकों को निशाना बनाना अस्वीकार्य है और इसे किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं भारत के कश्मीर में पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले के पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं। आइए हम पीड़ितों को याद करें और निर्दोष लोगों को निशाना बनाने वाले आतंकवादियों द्वारा की गई इस नृशंस और अमानवीय हिंसा की स्पष्ट रूप से निंदा करें। एक राष्ट्र के रूप में हम इस बड़ी क्षति पर शोक मना रहे हैं। मैं इस दुख की घड़ी में भारत के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों को धन्यवाद देता हूं।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पी हरीश ने कहा कि भारत जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए क्रूर आतंकी हमले में जानमाल के नुकसान पर शोक व्यक्त करता है। संयुक्त राष्ट्र और दुनिया को नागरिकों और पर्यटकों के खिलाफ किए गए ऐसे आतंकवाद की सार्वजनिक रूप से निंदा करनी चाहिए। जिसका कोई औचित्य नहीं हो सकता। उन्होंने भारत के उन सभी मित्रों और भागीदारों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने संवेदना व्यक्त की। इस कठिन समय में हमारे साथ एकजुटता दिखाई और आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों की निंदा की।
अवर महासचिव और डिजिटल क्षेत्र में संयुक्त राष्ट्र महासचिव के विशेष दूत अमनदीप सिंह गिल ने भी आतंकी हमले में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। ब्राजील के उप स्थायी प्रतिनिधि राजदूत नॉरबर्टो मोरेटी ने भी आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम (यूएनडीपी) के मुख्य डिजिटल अधिकारी रॉबर्ट ओप ने हमले पर अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मैं हाल ही में हुए हमले के पीड़ितों के प्रति भी अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के प्रोफेसर अरुण सुंदरराजन ने कहा कि मैं भारत सरकार और हाल ही में हुए अक्षम्य आतंकी हमले में नुकसान झेलने वाले लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

By Prabhat Pandey

प्रभात पांडेय आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार और दिशा एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक हैं। निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने वाले प्रभात पांडेय प्रेरणा और सकारात्मकता के प्रतीक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *