रोकी गई माता वैष्णो देवी की यात्रा, पहाड़ियों पर हो रही भारी बारिश और बर्फबारी

श्रीनगर । शुक्रवार को अचानक बदले मौसम ने उत्तर भारत के कई पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड और बारिश का प्रकोप बढ़ा दिया। जम्मू-कश्मीर में बीती रात से जारी खराब मौसम के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। इस साल पहली बार जम्मू प्रांत में इतनी व्यापक स्तर पर बारिश और बर्फबारी देखने को मिली है।
बदलते मौसम का सबसे ज्यादा असर त्रिकुटा पहाड़ियों पर पड़ा है, जहां भारी बारिश और बर्फबारी के कारण माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा को एहतियातन रोक दिया गया है। माता के भवन क्षेत्र में रातभर बारिश होती रही और सुबह होते-होते बर्फबारी शुरू हो गई, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए। सुरक्षा कारणों से नए श्रद्धालुओं के पंजीकरण पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। लगातार बारिश और बर्फबारी के चलते यात्रा मार्ग फिसलन भरे हो गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर खतरा बढ़ गया है।
भूस्खलन की आशंका के चलते निर्णय
मौसम की गंभीरता को देखते हुए भूस्खलन की संभावना भी बढ़ गई है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला लिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 36 घंटों तक जम्मू-कश्मीर में मौसम का यही रुख बना रह सकता है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी
जम्मू के मैदानी क्षेत्रों में जहां लगातार बारिश हो रही है, वहीं ऊंचाई वाले और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप में देर रात करीब 1:30 बजे से बर्फ गिरनी शुरू हुई, जो अब तक थमी नहीं है। इसके अलावा राजौरी और पूंछ के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में भी लगातार हिमपात हो रहा है।
मौसम विभाग ने आने वाले समय में कई स्थानों पर भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular