आईपीएल 2026 में नहीं होगा उद्घाटन समारोह,  बीसीसीआई ने किया लिया फैसला

नईदिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत 28 मार्च से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मैच से होनी है। इस बीच खबर है कि आगामी सीजन का उद्घाटन समारोह (ओपनिंग सेरेमनी) नहीं होगा। दरअसल, पिछले साल आरसीबी की विक्ट्री परेड के बाद हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हुई थी। इन लोगों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए बीसीसीआई ने फैसला किया है। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने भगदड़ में मरे हुए लोगों की याद में उद्घाटन समारोह को सादा रखने का फैसला किया। हालांकि, टूर्नामेंट के आखिर में समापन समारोह (क्लोजिंग सेरेमनी) के भव्य होने की उम्मीद है। इसके लिए बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल योजना बना रहे हैं। बता दें कि आईपीएल 2025 में भव्य उद्घाटन समारोह हुआ था, जिसमें शाहरुख खान, श्रेया घोषाल, करण औजला और दिशा पाटनी जैसी हस्तियों ने परफॉर्म किया था।
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने इस बारे में जानकारी दी। इस बारे में उन्होंने कहा, पिछले साल 4 जून को हुई दुखद घटना के कारण आईपीएल 2026 के शुरू होने वाले दिन (बेंगलुरु में) कोई औपचारिक समारोह नहीं होगा। उन दिवंगत आत्माओं के सम्मान में बीसीसीआई आगामी सीजन की शुरुआत पर किसी भी प्रकार का सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं कर रहा है।
गत विजेता आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन ने घोषणा की कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान 11 सीटें हमेशा खाली रहेंगी। ऐसा उन लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए किया जाएगा, जिनकी पिछले सीजन में भगदड़ में जान चली गई थी। मेनन ने यह भी कहा कि खिलाड़ी पूरे सीजन के दौरान अभ्यास सत्रों में जर्सी नंबर 11 पहनेंगे, और इस संस्करण के सभी मैचों में काली पट्टी पहनेंगे।
आरसीबी अपने 5 मैच बेंगलुरु में खेलने के अलावा 2 मैच रायपुर में भी खेलेगी। बता दें कि आगामी सीजन में रायपुर का शहीद वीर नारायण अंतरराष्ट्रीय मैदान आरसीबी का दूसरा घरेलू मैदान होगा। वहीं, चिन्नास्वामी स्टेडियम में लीग चरण के 5 मैचों के अलावा 2 प्लेऑफ मुकाबले भी खेले जाएंगे, जिसमें फाइनल भी शामिल है। ऐसे में यह बेंगलुरु में मौजूद क्रिकेट प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular