पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी का हमला, सरकारी अधिकारी और पुलिसकर्मी समेत 5 की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का हमला हुआ है। टीटीपी के आंतकियों ने प्रांत के बन्नू जिले में उत्तरी वजीरिस्तान के सहायक आयुक्त शाह वली के वाहन को निशाना बनाया था, जिसमें वली और 2 पुलिसकर्मी समेत 5 लोग मारे गए हैं। बता दें कि एक दिन पहले बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में टीटीपी के 3 आतंकवादियों को मारा गया था, जिसके बाद यह हमला हुआ है।
फ्रंटियर कोर बलूचिस्तान दक्षिण के प्रवक्ता ने बताया था कि आत्मघाती हमलावरों और बंदूकधारियों ने नोकंडी जिले में एक सैन्य प्रतिष्ठान पर रात में हमला किया था। इस दौरान अलगाववादी समूह बलूचिस्तान लिबरेशन फ्रंट ने बल मुख्यालय के मुख्य द्वार पर खुद को उड़ा लिया था। आत्मघाती हमलावर की कार्रवाई के बाद कम से कम 6 सशस्त्र हमलावर फ्रंटियर मुख्यालय में घुस गए थे। इसके अलावा पंजगुर जिले के गुरमाकन क्षेत्र में एक चेकपोस्ट पर हमला हुआ था।
पाकिस्तान सरकार के साथ नवंबर 2022 में टीटीपी का युद्धविराम समाप्त हुआ था, जिसके बाद आतंकी गतिविधियां तेज हो गई हैं, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में। ये दोनों टीटीपी के गढ़ माने जाते हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीने में सरकार और आतंकियों के बीच चूहे-बिल्ली का खेल चल रहा है। हर हमले के बाद जवाबी कार्रवाई देखने को मिल रही है। पाकिस्तान हमलों के लिए अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular