लेटेस्ट न्यूज़
27 Dec 2025, Sat

विजय हजारे ट्रॉफी: रिंकू सिंह ने चंडीगढ़ के खिलाफ 56 गेंदों में जड़ा शतक

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश क्रिकेट टीम के कप्तान रिंकू सिंह ने विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में अपना शानदार फॉर्म जारी रखा है। उन्होंने चंडीगढ़ क्रिकेट टीम के खिलाफ मुकाबले में शानदार शतकीय पारी (106) खेली। ये उनके लिस्ट-ए करियर का दूसरा शतक रहा जिसे उन्होंने केवल 56 गेंदों में पूरा किया। पहले मुकाबले में रिंकू के बल्ले से 48 गेंदों में 67 रन निकले थे। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
रिंकू ने पारी में 60 गेंदों का सामना किया और 106 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 176.67 की रही। उनकी शानदार पारी के दम पर उत्तर प्रदेश ने 367/4 का स्कोर बनाया। रिंकू ने आर्यन जुयाल के साथ 77 गेंदों में 134 रन की साझेदारी निभाई। इसके अलावा प्रशांत वीर के साथ उन्होंने सिर्फ 35 गेंदों में नाबाद 63 रन जोड़े। चंडीगड़ के सभी गेंदबाजों की रिंकू ने जमकर क्लास लगाई।
रिंकू ने अपना पहला लिस्ट-ए मुकाबला साल 2014 में विदर्भ क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था। उन्होंने 64 मुकाबले खेले हैं और इसकी 58 पारियों में 48 की औसत से 2,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक के अलावा 19 अर्धशतक भी निकले हैं। भारत के लिए उन्होंने 2 वनडे मुकाबले खेले हैं और 27.50 की औसत से 55 रन बनाने में सफल रहे हैं। उन्होंने 35 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 550 रन भी बनाए हैं।
रिंकू के अलावा उत्तर प्रदेश के लिए आर्यन ने भी ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने 118 गेंदों का सामना किया और 134 रन बनाए। उनके बल्ले से 7 चौके और 8 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 113.56 की रही। ध्रुव जुरेल ने नंबर-3 पर खेलते हुए 57 गेंदों का सामना किया और 67 रन बनाए। उनके बल्ले से 11 चौके निकले। समीर रिजवी ने 46 गेंदो में 32 रन की पारी खेली। टीम ने चंडीगढ़ को 368 रनों का लक्ष्य दिया।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।