लेटेस्ट न्यूज़
4 Oct 2025, Sat

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी, 2 करोड़ नौकरियों का वादा अधूरा,सीडब्ल्यूसी की बैठक में यूपी सरकार पर भी निशाना

पटना, एजेंसी। बिहार में पहली बार कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक हो रही है। यह विस्तारित बैठक है, जिसमें राज्यों के कांग्रेसी सीएम, डिप्टी सीएम, प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद। कांग्रेस राहुल गांधी अकेले ही पटना पहुंचे। उनके साथ उनकी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी पटना नहीं आईं। CWC की बैठक खत्म हो गई है। राहुल गांधी अति पिछड़ा संवाद में शामिल होने के लिए होटल चाणक्य रवाना हो गए। इधर, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक से पहले कहा कि बिहार की जनता NDA सरकार से त्रस्त हो चुकी है। यहां पर बेरोजगार, पलायन चरम पर है। किसान परेशान हैं। बाढ़ से हाहाकार मच गया है लेकिन सरकार को इन सबसे कोई मतलब नहीं है। उन्होंने SIR के मुद्दे पर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की तर्ज पर अब पूरे देश में मतदाता सूची से लाखों नाम काटने की साजिश रची जा रही है। खरगे ने कहा कि वोट चोरी का मतलब है दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अति पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के राशन, पेंशन, दवाइयां, बच्चों की छात्रवृत्तियां और परीक्षा पत्र चुराना।
चुनाव आयोग हमारे सवाल का जवाब नहीं दे रही: पायलट
CWC की बैठक चल रही है। इसी बीच वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने कहा कि बिहार में हालात काफी खराब हो चुके हैं। देश में सबसे ज्यादा बेरोजगार यहां है। लोग पलायन कर रहे हैं। 10 साल पहले पीएम मोदी ने चीनी मिल का वादा किया था, वो अब कहां है? इसका जवाब भाजपा नहीं दे रही। SIR के जरिए बिहार में वोट चोरी की कोशिश की गई। राहुल गांधी ने वोट अधिकार यात्रा निकाली जनता ने उन्हें आशीर्वाद दिया। उन्होंने मोदी सरकार की योजना की पोल खोल दी। सवाल पूछने पर चुनाव आयोग राहुल गांधी को हलफनामा देने कहती है। हमारे आरोपों की जांच तक नहीं करवा रही है। चुनाव आयोग की ओर से भाजपा बयान देती है। पायलट ने कहा कि बिहार में कांग्रेस पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ने जा रही है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार के कारण बिहार में अमीर और गरीबी के बीच खाई काफी बढ़ गई है। इस बैठक ने हमलोगों ने संकल्प लिया कि हम सभी लोग बिहार चुनाव में प्रचार करेंगे।
यशोमती ठाकुर ने कहा- गरीबों की शोषण कर रही मोदी सरकार
सदाकत आश्रम में महाराष्ट्र कांग्रेस की नेत्री यशोमती ठाकुर ने कहा कि वोट चोरी का खुलासा होते ही जीएसटी कम किया गया। मोदी सरकार गरीबों का शोषण कर रही है। धर्म के नाम पर जाति के नाम पर झगड़ा बंद किया जाए। ऑटोनॉमस बॉडी पर केंद्र के लोग बैठे हुए हैं, उसे छोड़ना चाहिए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से देश कमजोर हो रहा है। देश में सिर्फ दादागिरी चल रही है।

बघेल ने बताया क्यों नहीं आईं सोनिया गांधी?
सोनिया गांधी के नहीं आने के सवाल पर बघेल ने मल्लिकार्जुन खरगे के हवाले से कहा कि वह आना चाहती थीं, लेकिन तबीयत खराब होने के कारण वह नहीं आ पाईं। मुख्यमंत्री पद के चेहरे के सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस कमेटी की बैठक है। जब इंडिया गठबंधन की बैठक होगी तब मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर बात होगी।
भूपेश बघेल बोले- पीएम मोदी फेल हो गए
CWC की बैठक चल रही है। इस बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बैठक में क्या क्या बातें कही? उसे रखने के लिए छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने NDA सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आर्थिक और विदेश नीति के मोर्चे पर पूरी तरह फेल हो गए हैं। जिस कारण देश के हालात काफी खबर हो गए हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।