कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान ने जहां चुनावी मुकाबले को नया मोड़ दिया है, वहीं अब सभी राजनीतिक दल दूसरे चरण की तैयारी में पूरी ताकत झोंकते नजर आ रहे हैं। 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे चरण से पहले राजधानी कोलकाता में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच शुक्रवार को भाजपा के शीर्ष नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस वार्ता किया, इस दौरान उन्होंने बंगाल चुनाव के लिए पहले चरण में हुए रिकॉड मतदान के लिए राज्य की जनता का धन्यवाद दिया। साथ ही कहा कि बंगाल की जनता ने परिवर्तन के लिए वोट किया है।
उन्होंने पहले चरण में हुए रिकॉर्ड मतदान के लिए बंगाल की जनता को बधाई दिया। अमित शाह ने कहा कि कल के मतदान में बंगाल की जनता ने परिवर्तन के लिए वोट दिया, जिसके लिए मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। उन्होंने कहा कि इस बार राज्य में चुनाव बेहद शांतिपूर्ण तरीके से हुए हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ ही अमित शाह ने असम और ओडिशा में भाजपा के शासन के अलावा पश्चिम बंगाल में पार्टी की संभावनाओं पर कहा कि पांच मई के बाद ‘अंग, बंग और कलिंग’ में सरकारें होंगी।
चुनाव आयोग को कहा धन्यवाद
प्रेस वार्ता के दौरान अमित शाह ने आगे चुनाव आयोग की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि वह चुनाव आयोग की पूरी टीम, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, चुनाव प्रक्रिया में जुड़े सभी अधिकारियों और पश्चिम बंगाल पुलिस को बधाई देते हैं। उन्होंने बताया कि लंबे समय बाद ऐसा चुनाव हुआ है जिसमें किसी भी व्यक्ति की मौत नहीं हुई। शाह के अनुसार, यह अपने आप में एक चमत्कार जैसा है कि इतनी शांत और सुरक्षित तरीके से मतदान संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि यह चुनाव व्यवस्था और सुरक्षा एजेंसियों के बेहतर तालमेल का परिणाम है, जिसने मतदान को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में अहम भूमिका निभाई।
बंगाल के लोगों ने अपने भविष्य का फैसला कर लिया- शाह
शाह ने कहा कि पहले चरण के मतदान के बाद जो फीडबैक मिला है, उसके अनुसार बंगाल के लोगों ने अपने भविष्य का फैसला कर लिया है। अमित शाह ने बताया कि 16 जिलों की 52 सीटों पर हुए मतदान में करीब 92.98 प्रतिशत वोटिंग हुई है, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक बताया। उन्होंने दावा किया कि इस भारी मतदान से यह संकेत मिलता है कि राज्य में बदलाव की लहर चल रही है। शाह ने यह भी कहा कि पार्टी की आंतरिक समीक्षा के अनुसार आने वाले चुनावी परिणामों में बड़ी जीत की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि कुल 152 सीटों में से भाजपा 110 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। उन्होंने आगे कहा कि दूसरे चरण के बाद पश्चिम बंगाल में पूरी तरह से भाजपा की सरकार बनने की संभावना है। शाह के अनुसार, यह चुनाव जनता के भरोसे और बदलाव की इच्छा को दर्शाता है और आने वाले समय में राज्य में नई राजनीतिक दिशा देखने को मिल सकती है।
बंगाल में शाह के राजनीति वादे
कोलकाता में पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कई बड़े राजनीतिक वादे किए। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो हजारों हेक्टेयर जमीन से अवैध कब्जे हटाए जाएंगे और इन जमीनों को विकास के लिए इस्तेमाल किया जाएगा। शाह ने कहा कि असम की तरह बंगाल में भी अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सभी धार्मिक त्योहार जैसे राम नवमी, सरस्वती पूजा और दुर्गा विसर्जन बिना किसी रोक-टोक के शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाएंगे।
उन्होंने परिवर्तन की बात करते हुए कहा कि इसका मतलब सिर्फ सरकार या विधायक बदलना नहीं है, बल्कि असल बदलाव यह है कि बंगाल को घुसपैठ से मुक्त किया जाए, भ्रष्टाचार खत्म हो, सिंडिकेट और जबरन वसूली का अंत हो, और राज्य में कानून का राज स्थापित हो। अमित शाह ने आरोप लगाया कि अगर भाजपा की सरकार बनती है तो “भतीजा टैक्स” और “भाईपो टैक्स” जैसी कथित वसूली खत्म कर दी जाएगी और सिंडिकेट सिस्टम को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य को “काडर राज” और राजनीतिक दबाव से मुक्त किया जाएगा।
बंगाल सरकार पर शाह ने लगाए गंभीर आरोप
कृषि के मुद्दे पर अमित शाह कहा कि पिछले 50 वर्षों में बंगाल में खेती के लिए कोई बड़ा सामूहिक प्रयास नहीं हुआ है। भाजपा सरकार आने पर किसानों के लिए आधुनिक शोध केंद्र बनाए जाएंगे ताकि पारंपरिक फसलों को बेहतर बनाया जा सके। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है और हजारों करोड़ रुपये के घोटालों के मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा और सभी मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के रिटायर्ड जज से कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों को सख्त सजा दी जाएगी ताकि भविष्य में कोई भी भ्रष्टाचार करने की हिम्मत न कर सके।
अमित शाह बोले- बंगाल में पीएम मोदी पर भरोसा वोटों में बदलेगा
अमित शाह ने कहा कि देश का बड़ा हिस्सा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की यात्रा पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे चुनाव अभियान में बंगाल की जनता का प्यार, उत्साह और भरोसा सामने आया है। शाह के अनुसार यह भरोसा वोटों में बदलेगा और भारतीय जनता पार्टी को जीत दिलाएगा। अमित शाह ने दूसरे चरण के मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी डर के मतदान करें और अपनी इच्छा से वोट डालें। उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग की व्यवस्था की भी सराहना की और कहा कि मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए अच्छे इंतजाम किए गए हैं।
बंगाल में अफवाह फैला रही दीदी- शाह
अमित शाह ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री यह अफवाह फैला रही हैं कि अगर बंगाल में भाजपा आई तो बाहरी लोग शासन करेंगे, मैं दीदी को बताना चाहता हूं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री बंगाल में जन्मा, बंगाली मीडियम में पढ़ा-लिखा और बंगाली भाषी होगा। वह आपका भतीजा नहीं भाजपा का कार्यकर्ता होगा।
अमित शाह बोले- महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता
अमित शाह कहा कि राज्य में अगर भाजपा की सरकार बनती है तो महिलाओं की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि बंगाल की महिलाओं को डर और असुरक्षा से मुक्त करना जरूरी है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में महिलाएं सुरक्षित महसूस नहीं करतीं, जबकि भाजपा सरकार बनने पर स्थिति पूरी तरह बदल दी जाएगी। शाह ने कहा कि 5 तारीख के बाद अगर भाजपा की सरकार बनती है, तो रात 1 बजे भी एक छोटी लड़की बिना डर के स्कूटी से बाहर जा सकेगी और कोई भी अपराधी उसे परेशान करने की हिम्मत नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में कुछ घटनाओं का जिक्र करते हुए, जैसे की आरजी कर मेडिकल कॉलेज मामला और संदेशखाली घटना उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने की जरूरत है। शाह के अनुसार, उनकी पार्टी ने इन घटनाओं से जुड़े पीड़ित परिवारों को चुनावी मैदान में मौका दिया है, ताकि वे विधानसभा में जाकर मजबूत कानून व्यवस्था की आवाज उठा सकें। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बंगाल में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा और कानून व्यवस्था को सख्त किया जाएगा ताकि अपराधियों पर नियंत्रण लगाया जा सके।
ये भी पढ़ें:- पश्चिम बंगाल वोटर लिस्ट मामला: सुप्रीम कोर्ट ने दखल से किया इनकार, कहा- हर दिन आदेश नहीं बदल सकते
बंगाल की धरती ने विकास को चुना-शाह
अमित शाह ने कहा कि कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और खुदीराम बोस की धरती ने विकास को चुना है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो विकास यात्रा चल रही है, उससे अब पश्चिम बंगाल भी जुड़ने जा रहा है। शाह ने कहा कि दीदी जा रही हैं और भाजपा आ रही है, डर खत्म हो रहा है और भरोसा बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि 152 सीटों में से भाजपा 110 से ज्यादा सीटें जीत सकती है और दूसरे चरण के बाद राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार बनेगी।
शाह ने इन आंकड़ों का किया जिक्र
चुनाव में हिंसा के आंकड़ों का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि पिछले चुनावों की तुलना में इस बार स्थिति काफी बेहतर रही है। उन्होंने बताया कि 2016 में 1278 लोग घायल हुए थे, 2021 में 1681, 2023 के पंचायत चुनाव में 664 और 2024 के लोकसभा चुनाव में 761 लोग घायल हुए थे। इसके मुकाबले इस बार पहले चरण में 30 से कम लोग घायल हुए और किसी की मौत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि यह दिखाता है कि इस बार चुनाव ज्यादा शांतिपूर्ण तरीके से हुआ है। अमित शाह के अनुसार, बढ़ा हुआ मतदान यह संकेत देता है कि लोग बदलाव चाहते हैं और यह वोट भाजपा सरकार बनाने की दिशा में मजबूत संकेत है।
सोशल मीडिया पोस्ट में चुनाव आयोग की प्रशंसा की
इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अमित शाह ने पहले चरण में भारी मतदान के लिए मतदाताओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने लोकतंत्र के इस महापर्व में ऐतिहासिक भागीदारी दर्ज की है और मतदान के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शाह ने चुनाव आयोग की भूमिका की भी प्रशंसा की और कहा कि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई, जो बंगाल के चुनावी इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है।
पुलिस बलों की भी सराहना की
अपने पोस्ट में शाह ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और पश्चिम बंगाल पुलिस की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उनकी वजह से मतदान प्रक्रिया बिना किसी बड़ी बाधा के पूरी हो सकी। शाह ने इसे राज्य में अच्छे शासन के नए युग की शुरुआत बताते हुए दावा किया कि यह मतदान बंगाल में राजनीतिक बदलाव का स्पष्ट संकेत है। अब सबकी नजरें कोलकाता में होने वाली उनकी प्रेस वार्ता पर टिकी हैं, जहां बीजेपी की आगे की चुनावी रणनीति और आगामी चरणों की दिशा तय हो सकती है।

