साइबर फ्रॉड पर सरकार का एक और बड़ा प्रहार, 22 लाख व्हाटसएप अकाउंट किए बैन

नई दिल्ली, एजेंसी। देश में बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी पर नकेल कसते हुए दूरसंचार विभाग ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने धोखाधड़ी वाले कॉल और मैसेज में इस्तेमाल हो रहे 22 लाख व्हाटसएप अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया है। यह कदम ‘संचार साथी’ पोर्टल पर आम नागरिकों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों के आधार पर उठाया गया है।
दूरसंचार विभाग ने अपने आधिकारिक हैंडल के माध्यम से इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। पोस्ट में लिखा गया, साइबर ठगी पर रोकथाम! ‘संचार साथी’ की मदद से 22 लाख साइबर अपराधों से जुड़े व्हाट्सएप अकाउंट्स को ब्लॉक किया गया है। फर्जी अकाउंट्स, धोखाधड़ी और साइबर ठगों पर रोक लगाने का यह कदम, डिजिटल भारत को सुरक्षित और भरोसेमंद बना रहा है।
यह कार्रवाई सरकार द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक अभियान का हिस्सा है। इससे पहले भी विभाग ने साइबर क्राइम में लिप्त 4.2 करोड़ से अधिक मोबाइल कनेक्शनों को बंद किया था। यही नहीं, धोखाधड़ी में इस्तेमाल हो रहे 27 लाख मोबाइल हैंडसेट के ढ्ढरूश्वढ्ढ नंबर को भी ब्लैकलिस्ट कर उन्हें ‘डब्बा’ बना दिया गया है, जिससे वे किसी भी नेटवर्क पर काम करने लायक नहीं रहे हैं।
‘संचार साथी’ पोर्टल पर आप भी कर सकते हैं शिकायत
दूरसंचार विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह के संदिग्ध या धोखाधड़ी वाले कॉल और मैसेज की तुरंत ‘संचार साथी’ पोर्टल पर शिकायत करें। इससे अपराधियों पर कार्रवाई करने में मदद मिलती है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular