‘बीएनपी के हथियारबंद गुंडे हिंदुओं, मंदिरों पर हमले कर रहे’, शेख हसीना की पार्टी का दावा

ढाका, एजेंसी। बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) पर हिंदुओं पर हमले का गंभीर आरोप लगाया। अवामी लीग ने कहा कि बीएनपी के कार्यकर्ता हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर हमले कर रहे हैं और उन्हें डरा धमकार देश छोड़ने के लिए मजबूर कर रहे हैं। अवामी लीग ने बीएनपी के एक नेता का बाकायदा नाम लेकर ये आरोप लगाए।
बीएनपी नेताओं ने हिंदू नागरिक के घर पर किया हमला
अवामी लीग ने सोशल मीडिया पर साझा एक पोस्ट में लिखा कि ‘बीएनपी नेता शहीदुल इस्लाम और उसके हथियारबंद गुंडों ने बिजॉय चंद्र रॉय के घर पर हमला किया। बिजॉय चंद्र रॉय बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठा रहे थे।’ अवामी लीग ने बताया कि बिजॉय के घर पर हमले की घटना शनिवार को हुई, जब ठाकुरगांव जिले के रुहिया थाना इलाके में धोलारहाट यूनियन में स्थित उनके घर हमला किया गया। शेख हसीना की पार्टी ने कहा कि हमलावरों ने मानसा मंदिर को तबाह कर दिया और दो पवित्र मूर्तियों को भी तोड़ दिया। घरों में तोड़फोड़ की और आगजनी की। हमलावरों ने हिंदू समुदाय और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को धमकी दी और बांग्लादेश छोड़कर जाने के लिए धमकाया।
अवामी लीग ने यूनुस सरकार पर उठाए सवाल
अवामी लीग ने सवाल उठाया कि क्या हिंसा, डराना-धमकाना, जातीय सफाया ही बीएनपी के लोकतंत्र का विचार है। अवामी लीग द्वारा लगातार बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस पर अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं को लेकर हमला किया जा रहा है। पार्टी ने एक बयान में कहा कि ‘धार्मिक अल्पसंख्यकों के घरों पर हमले, लूट और आगजनी की घटनाएं जारी हैं। ये नरसंहार के बराबर है। मोहम्मद यूनुस की फासीवादी सरकार में ये उत्पीड़न जारी है और अब तो खुद सरकार हिंदुओं के खिलाफ हमला करा रही है।’ बांग्लादेश में बीते महीने ही ढाका के खिलखेत इलाके में स्थिति दुर्गा मंदिर को ढहा दिया गया था। वहीं कुछ दिनों पहले ही कुमिला जिले में एक हिंदू महिला के साथ सामूहिक उत्पीड़न किया गया।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular