नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के नौ प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकियां सुबह करीब 8.30 से 9 बजे के बीच दी गईं, जिसके चलते स्कूली बच्चों, अभिभावकों और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड और बम स्क्वॉड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और सुरक्षा के लिहाज से सभी बच्चों व स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूलों की सघन तलाशी शुरू कर दी।
एक ही समय पर आई सभी कॉल
शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि सभी स्कूलों में धमकी भरी कॉल लगभग एक ही समय पर आई थीं। इस पैटर्न को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और इसे किसी साजिश का हिस्सा मानकर जांच कर रही हैं। फिलहाल पुलिस की टीमें कॉल करने वाले की पहचान करने और कॉल की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश में जुटी हैं, ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके।
इन प्रमुख स्कूलों को बनाया गया निशाना
जिन नौ स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है, वे शहर के अलग-अलग इलाकों में स्थित हैं। इनमें दिल्ली कैंट स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनिवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के केम्ब्रिज स्कूल, रोहिणी का वेंकटेश्वर स्कूल, सादिक नगर का इंडियन स्कूल, रोहिणी का सीएम श्री स्कूल और बाल भारती स्कूल, आईएनए का डीटीए स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर का वनस्थली स्कूल शामिल हैं। इन सभी परिसरों में सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया है और एहतियात के तौर पर कड़े सुरक्षा कदम उठाए गए हैं।
2026 की शुरुआत से जारी है धमकियों का सिलसिला
गौरतलब है कि जनवरी से फरवरी 2026 के बीच दिल्ली-एनसीआर में स्कूलों को बम की धमकियां मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे महज कुछ दिन पहले, 7 फरवरी को एक ईमेल के जरिए 50 से अधिक स्कूलों को धमकी दी गई थी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर स्कूलों को खाली कराया गया था। हालांकि, बाद में गृह मंत्रालय ने इसे फर्जी (द्धशड्ड&) करार दिया था। इसके अलावा, 28-29 जनवरी को भी सरदार पटेल विद्यालय, लॉरेटो कॉन्वेंट और डॉन बॉस्को समेत पांच स्कूलों को ऐसी ही धमकियां मिली थीं, लेकिन जांच में कुछ संदिग्ध नहीं मिलने पर कुछ ही घंटों में परिसरों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया था।

