लेटेस्ट न्यूज़
11 Feb 2026, Wed

दो प्रदर्शनकारियों की मौत के बाद बवाल, ICE प्रमुख ने यूएस कांग्रेस के सामने किया अपने अधिकारियों का बचाव

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की सख्त आव्रजन नीति के खिलाफ डेमोक्रेट्स और आम लोगों में गुस्सा है। इस बीच आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) प्रमुख टॉड लायन्स कांग्रेस (अमेरिकी संसद) के सामने पेश हुए, जहां उन्होंने अपने अधिकारियों की कार्रवाई का बचाव किया। इसी के साथ लायन्स ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सामूहिक निर्वासन (डिपोर्टेशन) नीति को लागू करते समय उनके अधिकारी किसी भी तरह के दबाव या डर से पीछे नहीं हटेंगे।
दो लोगों की मौत के बाद संसद में पेशी
टॉड लायन्स उन तीन एजेंसी प्रमुखों में शामिल थे, जिन्हें दो अमेरिकी नागरिकों की संघीय अधिकारियों की गोलीबारी में मौत के बाद संसद में बुलाया गया। इस सुनवाई के दौरान डेमोक्रेट सांसदों ने कड़े सवाल किए, जबकि ज्यादातर रिपब्लिकन सांसदों ने एजेंसियों का समर्थन किया। इस दौरान लायन्स ने कहा, ‘जो लोग सोचते हैं कि वे हमें डरा सकते हैं, उन्हें मैं साफ संदेश देना चाहता हूं, वे असफल होंगे। हम अभी शुरुआत कर रहे हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि अधिकारियों के खिलाफ बढ़ती बयानबाजी और विरोध प्रदर्शनों से उनके कर्मचारियों की जान खतरे में पड़ी है। हालांकि, उन्होंने दोनों मौतों पर सीधे टिप्पणी करने से कई बार परहेज किया, लेकिन उन्होंने कहा कि उनके अधिकारी पीछे नहीं हटेंगे।
दरअसल, हाल के हफ्तों में विशेषकर मिनियापोलिस में हुई गोलीबारी में हुई मौतों के बाद, ट्रंप के आव्रजन अभियान की गहन जांच-पड़ताल की गई है। एजेंसियों को उन नीतियों के लिए भी आलोचना का सामना करना पड़ा है, जिनके बारे में आलोचकों का कहना है कि वे गिरफ्तारी का सामना कर रहे प्रवासियों और इन कार्रवाइयों का विरोध कर रहे अमेरिकियों, दोनों के अधिकारों का हनन करती हैं। मंगलवार की गवाही से ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की इस प्रमुख नीति को लेकर पनप रहे तनाव को शांत करने की संभावना कम ही है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।