लेटेस्ट न्यूज़
11 Feb 2026, Wed

योगी ने हर व्यक्ति को बनाया ‘दोगुना अमीर’, महिला-युवा और किसानों के लिए खोला खजाना

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ सरकार ने आज वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 9.12 लाख करोड़ रुपये का बजट विधानसभा में पेश कर दिया। पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 12.9 प्रतिशत के इस बढ़े बजट में सरकार ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और रोजगार निर्माण पर सबसे ज्यादा ध्यान केंद्रित किया है। शिक्षा को 12.4 प्रतिशत और स्वास्थ्य को छः प्रतिशत बजट आवंटित कर योगी आदित्यनाथ ने बता दिया है कि उनकी प्राथमिकता स्वस्थ और शिक्षित समाज के निर्माण की है। सरकार ने यह भी बताया है कि उसके कार्यकाल में करीब 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठे हैं और राज्य की प्रति व्यक्ति आय दो गुनी होकर एक लाख 20 हजार से अधिक हो गई है। किसानों की आय भी दो गुनी हो चुकी है। इस तरह कहा जा सकता है कि योगी आदित्यनाथ सरकार ने अपने कार्यकाल में यूपी वासियों को दो गुना अमीर बना दिया है।
महिलाओं के लिए योगी सरकार की बड़ी घोषणा
महिलाएं योगी आदित्यनाथ की बड़ी समर्थक बनकर उभरी हैं। इसका कारण है कि योगी सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बहुत काम किया है। बजट के माध्यम से भी योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं को मजबूत करने का काम किया है। बजट में अनुसूचित जातियों की गरीब बेटियों के विवाह के लिए 100 करोड़ और सामान्य वर्ग की गरीब बेटियों के विवाह के लिए 50 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। मेधावी छात्राओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 400 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।
किसान यूपी की शक्ति, खोला खजाना
उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि का सबसे बड़ा योगदान है। प्रदेश की बड़ी जनसंख्या आज भी कृषि कार्यों के माध्यम से ही अपना जीवन निर्वाह कर रही है। इसे देखते हुए सरकार ने बजट में किसानों के लिए खजाना खोल दिया है। गन्ना किसानों को भुगतान में 3000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। यूपी अनेक खाद्य फसलों के उत्पादन में देश में पहले नंबर पर है। सरकार ने इसको बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
युवाओं के लिए रोजगार पर ध्यान
यूपी सरकार की बड़ी सफलता यह है कि प्रदेश में बेरोजगारी की दर अब केवल 2.26 प्रतिशत रह गई है। योगी सरकार को यह सफलता लगातार औद्योगिक ढांचे के विस्तार, पर्यटन और मूलभूत ढांचे में निवेश के कारण मिली है। सरकार ने भविष्य में भी युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराने को ध्यान में रखकर अभी से भविष्योन्मुखी विषयों पर ध्यान केंद्रित करने का काम किया है। डाटा सेंटर बनाने, एक लाख रूपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज देने की घोषणा से रोजगार सृजित करने में सफलता मिलेगी। फरवरी 2024 में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में 50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू साइन हुए हैं। इनसे 10 लाख नए रोजगार के अवसर बनेंगे।
योगी सरकार ने जिस तरह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर 225 करोड़ के साथ-साथ डेटा क्लस्टर सेंटर, टेक्नोलॉजी मिशन बनाने की घोषणा की है, उससे भविष्य में रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। अकेले वस्त्र उद्योग के क्षेत्र में 30 हजार नई नौकरियों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। एमएसएमई सेक्टर के लिए 3822 करोड़ का बजट रखा गया है। इससे भी रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। सरकार ने बताया है कि प्रदेश में 2.19 लाख नई भर्तियां की गई हैं, जबकि 10 लाख नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। युवाओं को मुफ्त कोचिंग सुविधा सहित शिक्षा का बजट बढ़ाया गया है। ऊर्जा आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए बजट में 65,926 करोड़ का बजट रखा गया है। हाईड्रोजन ऊर्जा और सौर ऊर्जा के उत्पादन को बढ़ाने के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
पर्यटन को बढ़ावा
यूपी की अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने और युवाओं को रिकॉर्ड संख्या में रोजगार दिलाने में पर्यटन का विशेष महत्त्व रहा है। यूपी सरकार ने बजट में इसको प्राथमिकता देने का काम किया है। अयोध्या के विकास के लिए 100 करोड़, राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लिए 50 करोड़ और नाइट सफारी को बढ़ावा देकर रोजगार निर्माण का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य को बनाई प्राथमिकता
योगी आदित्यनाथ सरकार ने स्वास्थ्य को अपनी प्राथमिकता में रखा है। पिछले बजट में भी स्वास्थ्य क्षेत्र को पूरे बजट का 6 प्रतिशत धन आवंटित किया गया था, और 2026-27 के लिए पेश बजट में भी स्वास्थ्य के लिए 6 प्रतिशत का बजट बरकरार रखा गया है। यूपी के 60 जिलों में 81 मेडिकल कॉलेज इस समय संचालित हैं, जबकि 14 नए मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव किया गया है। गरीबों के असाध्य रोगों के इलाज के लिए 130 करोड़ रुपये के विशेष बजट का प्रावधान किया गया है। चिकित्सा शिक्षा के लिए लगभग 15 हजार करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
भाजपा ने किया स्वागत
भाजपा ने इस बजट का स्वागत किया है। पार्टी प्रवक्ता अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने अमर उजाला से कहा कि भाजपा की सरकारों की प्राथमिकता हमेशा से समाज के हर वर्ग के विकास की रही है। योगी आदित्यनाथ सरकार ने बजट में सभी वर्गों के विकास के लिए कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है। महिलाओं, युवाओं और किसानों के विकास पर ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने बीमारू राज्यों से विकसित राज्य बनने की दिशा में लंबा और प्रभावशाली सफर तय किया है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।