यूपी समेत 5 राज्यों में चुनाव को लेकर बड़ा अपडेट, फरवरी-मार्च 2027 में मतदान के संकेत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश समेत उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। जनगणना की समयसीमा में बदलाव के बाद चुनाव और जनगणना के बीच संभावित प्रशासनिक टकराव की स्थिति काफी हद तक खत्म हो गई है। ऐसे में इन पांचों राज्यों में फरवरी से मार्च 2027 के बीच चुनाव कराए जाने की संभावना मजबूत हुई है।

मणिपुर की समयसीमा सबसे पहले

मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को खत्म होगा। इसके बाद गोवा में 14 मार्च, पंजाब में 16 मार्च और उत्तराखंड में 28 मार्च 2027 को विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होगा। वहीं उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।

मणिपुर की समयसीमा को देखते हुए निर्वाचन आयोग मार्च के मध्य से पहले ही पांचों राज्यों में चुनावी प्रक्रिया पूरी कराने की कोशिश कर सकता है।

यूपी में फरवरी-मार्च में मतदान संभव

उत्तर प्रदेश में विधानसभा का कार्यकाल मई 2027 में खत्म होना है, लेकिन चुनाव इससे करीब दो महीने पहले फरवरी के अंतिम सप्ताह या मार्च की शुरुआत में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। संविधान के तहत निर्वाचन आयोग विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने से पहले चुनाव करा सकता है।

जनगणना और वोटर लिस्ट का काम

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और गोवा में जनगणना से जुड़े कार्य 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच पूरे किए जाने हैं। वहीं मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। संशोधित मतदाता सूची के बाद यूपी में मतदाताओं की संख्या करीब 13.4 करोड़ बताई गई है।