मुरादाबाद की फैक्टरी में भीषण आग: दो किमी दूर तक दिखा धुएं का गुबार, माैके पर अफरा-तफरी, इलाका खाली कराया

मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र के रामपुर दोराहा स्थित आरएच इंटरनेशनल फैक्टरी में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी के चारों तरफ लपटें उठने लगीं। धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दिया। सूचना पर दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।
निर्यातक मोहम्मद तसलीम की इस फैक्टरी में हैंडीक्राफ्ट के आइटम बनाए जाते हैं। सुबह करीब 11 बजे अचानक फैक्टरी में आग लगी और देखते ही देखते तेजी से फैल गई। हैंडीक्राफ्ट के आइटम होने के कारण आग लगातार तेज होती गई। आग की लपटें उठने के साथ ही आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया।
सीएफओ राजीव पांडे ने बताया कि फिलहाल 10 दमकल गाड़ियों से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। आग की चपेट में आई यूनिट के साथ दूसरी यूनिट को भी सुरक्षित रखने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि आग वहां तक न पहुंच सके। आग की विकरालता को देखते हुए अन्य जगहों से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं।
दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे हैं। फिलहाल आग पूरी तरह बुझ नहीं पाई है। आग से फैक्टरी में रखा कितना सामान जला और कितने का नुकसान हुआ, इसका आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।