लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के तंज पर अब AIMIM ने पलटवार किया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शोएब जमई ने अखिलेश के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘देर आए, दुरुस्त आए’. उन्होंने कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में बीजेपी को आगे बढ़ने से रोकना है, तो विपक्षी दलों को एक साथ आकर चुनाव लड़ना होगा.
शोएब जमई ने कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही यह बात कहती रही है कि बीजेपी को रोकने के लिए एकजुट होकर चुनाव लड़ने की जरूरत है. उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में करीब 44 फीसदी मतदाता दलित और मुस्लिम समुदायों से आते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि इन समुदायों को पीछे छोड़कर समाजवादी पार्टी ने मंदिरों का रास्ता चुना और अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को भी बदल दिया.
जमई ने कहा कि इन समुदायों के मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा अब दूसरे राजनीतिक विकल्प तलाश रहा है. उन्होंने कहा कि जब AIMIM ने आजाद समाज पार्टी के साथ मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया, तब समाजवादी पार्टी को इसकी अहमियत समझ आने लगी. उनके मुताबिक, इस गठबंधन से दूसरी पार्टियां भी चिंतित हुई हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस गठबंधन का नतीजा सकारात्मक होगा और यह बीजेपी को रोकने में सक्षम साबित होगा.
अखिलेश ने शायरी के जरिए कसा था तंज
अखिलेश यादव ने इससे पहले सोशल मीडिया पर एक शायराना पोस्ट शेयर किया था. उन्होंने किसी पार्टी या नेता का नाम नहीं लिया, लेकिन उनकी इस पोस्ट को AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और नए गठबंधन पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है. अखिलेश ने लिखा, ‘वो उड़ते हुए बस इंतख़ाब के वक़्त ही क्यों आते हैं. जितना कहते हैं आका उतना कहकर चले जाते हैं.’ अपनी शायरी में उन्होंने ऐसे लोगों पर भी निशाना साधा, जो चुनाव के समय सक्रिय होते हैं और अपने फायदे के हिसाब से बोलते हैं.

