36 घंटे बाद बहाल हुईं माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं, साइबर अटैक नहीं बल्कि तकनीकी खामी बनी वजह

नई दिल्ली, एजेंसी। माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में 36 घंटे से अधिक समय तक चली वैश्विक रुकावट आखिरकार दूर हो गई है। आउटलुक, टीम्स, कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट 365 की अन्य सेवाएं फिर से सामान्य हो गई हैं। कंपनी ने शनिवार, 14 नवंबर की सुबह इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी समस्या को ठीक कर लिया गया है। इससे दुनियाभर के उन लाखों यूजर्स को राहत मिली है, जो ईमेल, ऑफिस टूल्स और अन्य जरूरी सेवाओं का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे।

इस तकनीकी व्यवधान का असर 70 से अधिक देशों में देखने को मिला। कारोबार, सरकारी संस्थानों और आम लोगों के कामकाज पर इसका व्यापक प्रभाव पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि आउटलुक, टीम्स और कोपायलट समेत प्रभावित सेवाएं अब सामान्य रूप से काम कर रही हैं। हालांकि, कंपनी अपने नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और ईमेल बैकलॉग की लगातार निगरानी कर रही है। कंपनी ने इस परेशानी के लिए ग्राहकों से माफी मांगते हुए जल्द ही एक विस्तृत रिपोर्ट जारी करने का भी आश्वासन दिया है।

नेटवर्क अपग्रेड के बाद सामने आई समस्या

यह व्यवधान गुरुवार, 12 नवंबर को शुरू हुआ था। शुरुआत में यूजर्स ने एक्सचेंज ऑनलाइन मेलबॉक्स तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की। धीरे-धीरे इसका असर आउटलुक, टीम्स, कोपायलट, शेयरपॉइंट, प्लानर और टू डू जैसी माइक्रोसॉफ्ट 365 सेवाओं पर भी पड़ने लगा।

हालांकि, टीम्स पर मैसेज भेजने और ऑनलाइन मीटिंग करने की मुख्य सुविधाएं काम कर रही थीं, लेकिन कैलेंडर और मीटिंग शेड्यूल करने जैसे फीचर्स प्रभावित हुए। वहीं, कोपायलट यूजर्स को चैट लोड करने के साथ ईमेल, कैलेंडर और फाइलों से जुड़ी जानकारी हासिल करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, इस व्यवधान की वजह नेटवर्क क्षमता में पहले किए गए अपग्रेड से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी थी, जो नेटवर्क में हालिया बदलाव के बाद सामने आई। कंपनी ने साफ किया कि इस घटना के पीछे न तो कोई साइबर हमला था और न ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) एजेंट की कोई भूमिका थी। यानी दुनियाभर में सेवाएं ठप होने की वजह साइबर अटैक नहीं, बल्कि नेटवर्क से जुड़ी तकनीकी खामी थी।

इंडिगो की ईमेल सेवा प्रभावित, एयर इंडिया ने अपनाया वैकल्पिक रास्ता

माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में आई इस रुकावट का असर केवल ईमेल और ऑफिस टूल्स तक सीमित नहीं रहा। कई कंपनियों को ग्राहकों से संपर्क करने, जरूरी दस्तावेज और रिसर्च सामग्री हासिल करने के साथ रोजमर्रा के कामकाज में भी परेशानी हुई। कई देशों में सरकारी एजेंसियों और सार्वजनिक संस्थानों की सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

भारत में इंडिगो एयरलाइन ने बताया कि उसकी ईमेल सपोर्ट सेवा प्रभावित हुई है और यात्रियों की ओर से भेजे गए कुछ ईमेल प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है। एयरलाइन ने तत्काल सहायता के लिए यात्रियों को अपनी वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

वहीं, एयर इंडिया ने स्पष्ट किया कि उसकी उड़ानों के संचालन पर इस व्यवधान का कोई असर नहीं पड़ा। कंपनी ने ग्राहकों के साथ संपर्क बनाए रखने के लिए ईमेल ट्रैफिक को वैकल्पिक माध्यम से भेजने की व्यवस्था की।

OpenAI और Anthropic के कनेक्टर्स पर भी पड़ा असर

माइक्रोसॉफ्ट की इस वैश्विक तकनीकी गड़बड़ी का असर AI कंपनियों पर भी देखने को मिला। OpenAI और Anthropic ने बताया कि उनके माइक्रोसॉफ्ट 365 कनेक्टर्स में भी समस्याएं आईं। इन कनेक्टर्स की मदद से उनकी AI सेवाएं यूजर्स के वर्कप्लेस से जुड़ी जानकारियों तक पहुंच पाती हैं।

फिलहाल माइक्रोसॉफ्ट ने प्रभावित सेवाओं को बहाल कर दिया है। हालांकि, कंपनी की विस्तृत रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि नेटवर्क में हुई गड़बड़ी किस तरह इतने बड़े वैश्विक व्यवधान की वजह बनी।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular