मेट्रो संचालन के लिए झूंसी और छिवकी में 28 हेक्टेयर में बनेगी वर्कशॉप

प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज को जल्द ही लाइट मेट्रो की सौगात देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। रूट तय होने के बाद अब मेट्रो के रखरखाव और मरम्मत का खाका भी तैयार कर लिया गया है। योजना के तहत परेड मैदान में मेट्रो का मुख्य जंक्शन (स्टेशन) विकसित होगा, जबकि कोचों की रिपेयरिंग के लिए शहर के दो छोरों—झूंसी और छिवकी में आधुनिक वर्कशॉप बनाए जाएंगे।
सेना की जमीन के बदले पीडीए देगा दूसरी जमीन
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) की योजना के अनुसार, झूंसी और छिवकी में 14-14 हेक्टेयर यानी कुल 28 हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्रफल में ये दोनों वर्कशॉप तैयार होंगे। इस प्रोजेक्ट के लिए 14 हेक्टेयर से अधिक भूमि सेना से ली जानी है। इसके एवज में सेना को दूसरी जगह जमीन उपलब्ध कराने के लिए पीडीए ने जिला प्रशासन को आधिकारिक पत्र भेज दिया है।
12 हजार करोड़ की लागत से बिछेगा 70 किमी लंबा नेटवर्क
स्मार्ट सिटी में कुल 70 किलोमीटर के दायरे में मेट्रो दौड़ाने का लक्ष्य है, जिस पर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक का बजट खर्च होगा। इस प्रोजेक्ट के तहत दो प्रमुख कॉरिडोर बनाए जाएंगे—पहला बमरौली से सिटी लेक (झूंसी) तक और दूसरा शांतिपुरम से छिवकी तक। इन दोनों रूटों का मुख्य केंद्र परेड मैदान होगा, जहां यात्री एक रूट से दूसरे रूट के लिए मेट्रो बदल सकेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular