- सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही पूरा होगा करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास
लखनऊ । अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के लिए रविवार की शाम देश की प्रमुख नदियों के तटों और जलाशयों के साथ ही कालोनियों, सोसाइटी और मंदिरों में बनाये गए विशेष पूजा स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति अद्भुत छटा बिखेर रही। इसके साथ ही लोकआस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन की पूजा सम्पन्न हुई। परिवार की खुशहाली, समृद्धि, संतान की लम्बी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य की कामना से इस चार दिवसीय महापर्व का समापन अब सोमवार को सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ सम्पन्न होगा। इसी के साथ ही शनिवार की शाम को खरना के बाद शुरू हुआ लगभग 36 से 40 घंटे तक का निर्जला उपवास सोमवार को प्रसाद ग्रहण के साथ पूरा होगा। यह पर्व दृढ़ता, व्रती की प्रबल इच्छाशक्ति, भक्ति व विश्वास का अद्भुत उदाहरण है।
परिवार जनों, पड़ोसियों और दोस्तों के साथ सूर्य देव व प्रकृति उपासना के इस चार दिवसीय महापर्व का पूरी श्रद्धा के साथ व्रत-पूजन कर रहीं विभा शर्मा का कहना है कि लोकआस्था के इस महापर्व छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई थी। शनिवार को खरना से शुरू हुआ निर्जला उपवास सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पारण के साथ पूर्ण होगा। तरह-तरह के मौसमी फलों से सजे सूप के बारे में उनका कहना है कि प्रकृति के यह ऐसे अनमोल रत्न हैं जो हमें प्रकृति की रक्षा और उनकी उर्वरा शक्ति को सहेजकर रखने का सन्देश भी देते हैं। भगवान सूर्य को जीवन प्रदान करने के साथ ही ऊर्जा से परिपूर्ण करने और जीवन में उजियारा बिखेरने की मनोकामना से भी विशेष पूजन-अर्चन का विधान है। पृथ्वी पर प्राणियों के अस्तित्व के आधार का भी दर्जा उन्हें ही प्राप्त है। इस तरह कार्तिक मास शुक्ल पक्ष षष्ठी पर उनके इस विशेष पूजन-अर्चन को सूर्य देव की बहन और प्रकृति की देवी छठी मैया का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भी पूरे विधि-विधान से किया जाता है। घाटों और पूजा स्थलों पर भक्ति गीत और लोकगीत भी गूंज रहे थे, जो बरबस लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे।

