भगोड़े ललित मोदी के बदले सुर! ब्रिटिश पासपोर्ट हाथ में आते ही भारत छोड़ने की बताई यह बड़ी वजह

 लंदन। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने उन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है, जिनमें कहा जा रहा था कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत छोड़ा था। हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता हासिल करने वाले मोदी ने साफ किया है कि उन्होंने साल 2010 में अंडरवर्ल्ड से अपनी जान को खतरा होने के कारण देश से बाहर जाने का फैसला किया था।
‘बिना सूचना हटाई गई थी पुलिस सुरक्षा’
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक बयान जारी कर ललित मोदी ने भारत छोड़ने के पीछे की वजह बताई। उन्होंने लिखा, “अंडरवर्ल्ड से मेरी जान को खतरे के कारण मैंने 2010 में भारत छोड़ा था। बिना किसी पूर्व सूचना के मेरी सशस्त्र पुलिस सुरक्षा वापस लिए जाने के ठीक तीन दिन बाद मैंने देश छोड़ दिया था। उस समय तक मेरे खिलाफ कोई एफआईआर (FIR) भी दर्ज नहीं थी।” इसके साथ ही मोदी ने भारत छोड़ने को लेकर झूठी और मानहानिकारक खबरें चलाने वाले मीडिया संस्थानों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
हाल ही में मिली है ब्रिटिश नागरिकता
गौरतलब है कि ललित मोदी ने हाल ही में इस बात की पुष्टि की थी कि उन्हें आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश नागरिकता मिल गई है। इसके बाद से ही उनके भारत छोड़ने और भगोड़े होने को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई थी, जिस पर अब उन्होंने अपनी सफाई पेश की है।
क्या है पूरा विवाद?
बतादें कि साल 2010 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल में कथित वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों के चलते ललित मोदी को पद से निलंबित कर दिया था। इसके बाद साल 2015 में मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समन का जवाब न देने पर एक विशेष अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किया था।
Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular