संत रामपाल से जुड़ी संस्थाओं पर कार्रवाई की मांग तेज, प्रदर्शन के बाद DM को सौंपा गया मांग पत्र।

सुल्तानपुर। भगवती मानव कल्याण संगठन (शाखा सुल्तानपुर) की ओर से जिला मजिस्ट्रेट, सुल्तानपुर को एक गंभीर शिकायती ज्ञापन सौंपा गया है। संगठन ने मांग की है कि संत रामपाल और उनसे जुड़ी संस्थाओं द्वारा सनातन धर्म, हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक परंपराओं के विरुद्ध कथित तौर पर आपत्तिजनक, भ्रामक और वैमनस्य फैलाने वाली गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए एफ.आई.आर. दर्ज की जाए।
​ ​देवी-देवताओं व आराध्य महापुरुषों के प्रति अपमानजनक प्रचार ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि संत रामपाल और उनके अनुयायियों की प्रचार सामग्री, पुस्तकों, प्रवचन और सोशल मीडिया माध्यमों से भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण, माता दुर्गा तथा अन्य हिंदू देवी-देवताओं की मान्यताओं को कथित रूप से निम्न स्तर का बताकर उनका अपमान किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि धार्मिक स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी अन्य धर्म की आस्थाओं का अपमान करना या समाज में वैमनस्य फैलाना स्वीकार्य नहीं है।
​धार्मिक ग्रंथों के अनुवाद और व्याख्या पर गंभीर सवाल:
संगठन के संज्ञान में आया है कि संत रामपाल से संबंधित संस्थाओं द्वारा चारों वेदों, श्रीमद्भागवतगीता, उपनिषद, रामायण और श्रीरामचरितमानस के प्रकाशन व अनुवाद में मूल ग्रंथों के संदर्भ और अर्थ के विपरीत व्याख्याएं प्रस्तुत की जा रही हैं। इसके माध्यम से सनातन धर्म के आराध्य देवी-देवताओं और परंपराओं को हीन सिद्ध करने के आरोप लगाए गए हैं, जिसकी विषय-वस्तु और अनुवाद की प्रामाणिकता की विशेषज्ञों से जांच कराने की मांग की गई है।
​अन्य संतों और गुरुओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग:
शिकायत में यह भी कहा गया है कि संत रामपाल व उनके प्रचार माध्यमों से अन्य धार्मिक संतों, गुरुओं और आध्यात्मिक मार्गदर्शकों के विरुद्ध आपत्तिजनक भाषा, अभद्र टिप्पणियों और गाली-गलौज का प्रयोग किया जाता है। परम पूज्य गुरुदेव श्री शक्तिपुत्र जी महाराज एवं उनके आध्यात्मिक कार्यों के संबंध में भी कथित रूप से अभद्र टिप्पणियां किए जाने की बात कही गई है।

​प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा

संगठन ने जिला प्रशासन से इस संवेदनशील मामले का शीघ्र संज्ञान लेते हुए कठोर एवं निष्पक्ष कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की है, ताकि जिले और समाज में धार्मिक सौहार्द, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular