प्रभारी मंत्री का फरमान: 2-3 दिन में बदले जाएं खराब ट्रांसफार्मर, किसानों को मिले पूरी खाद!

हमीरपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को प्रदेश के जल शक्ति राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद तथा राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद की अध्यक्षता में विकास कार्यों, कानून व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि शासन की योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनसमस्याओं का समाधान कागजों के बजाय धरातल पर दिखना चाहिए। किसानों को खाद-बीज की कमी न हो, 3 दिन में बदलें ट्रांसफार्मर रबी की बुवाई को देखते हुए प्रभारी मंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि किसी भी किसान को खाद और बीज के लिए भटकना न पड़े। जहां स्टॉक कम है, वहां तुरंत शासन से पत्राचार कर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

• सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए स्वीकृत नलकूपों की बोरिंग तय स्थानों पर तत्काल कराने और खराब मोटरों को बदलने के आदेश दिए गए।

• बिजली विभाग को सख्त हिदायत दी गई कि खराब ट्रांसफार्मर हर हाल में 2 से 3 दिनों के भीतर बदले जाएं और रोस्टर के मुताबिक बिजली आपूर्ति हो। अवैध खनन, शराब और अपराधियों पर कसेगा शिकंजा कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने लंबित विवेचनाओं को समय पर पूरा करने, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस (मादक पदार्थ) के मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पॉक्सो और महिला अपराधों में मजबूत सबूत जुटाकर दोषियों को जल्द सजा दिलाई जाए। साथ ही एंटी रोमियो टीम को सक्रिय रखने और ग्रामीण व किराना दुकानों पर होने वाली अवैध शराब की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने को कहा गया।

• अवैध खनन पर सांसद सख्त: राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने नदियों के पट्टों की आड़ में या बिना पट्टे के दबंगई से ट्रैक्टरों द्वारा किए जा रहे अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर तत्काल सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के मामलों में निष्पक्ष जांच करने पर भी जोर दिया। IGRS शिकायतों का फर्जी निस्तारण किया तो तय होगी जवाबदेही प्रभारी मंत्री ने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल और जनता दर्शन की शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि केवल कागजी या फर्जी निस्तारण बिल्कुल स्वीकार नहीं होगा। यदि कोई शिकायत दोबारा आती है, तो संबंधित अधिकारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी। बैठक के अन्य प्रमुख निर्देश:

• स्वास्थ्य विभाग: सीएमओ को निजी पैथोलॉजी लैब की मशीनों व रिपोर्ट की जांच करने और झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

• गौवंश एवं पौधारोपण: सीडीओ को निर्देशित किया गया कि छुट्टा गौवंश को शत-प्रतिशत गौशालाओं में संरक्षित किया जाए और बबूल के पेड़ों की जगह फलदार व छायादार पौधे लगाए जाएं।

• सड़क और शिक्षा: लोक निर्माण विभाग को सड़कों की पैच मरम्मत समय से पूरी करने तथा आवास योजना, ऑपरेशन कायाकल्प और प्रोजेक्ट अलंकार के कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया।

• युवा उद्यमी योजना: उपायुक्त उद्योग को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, ओडीओपी (ODOP) और विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों की अपडेटेड सूची अगली बैठक से पहले पेश करने के निर्देश दिए गए।

  • बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने अवगत कराया कि जनपद में जनगणना-2027 की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। प्रथम चरण में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की जा रही है। उन्होंने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनपदवासियों से अपील की कि वे https://se.census.gov.in पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर स्व-गणना आईडी सुरक्षित रखें, ताकि 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने में सुविधा हो तथा जनगणना का कार्य शुद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
    बैठक में माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती जयंती राजपूत, माननीय विधायक सदर डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, नगरपालिका अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद, जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार, पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक, मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्रीमती रिजवाना शाहिद, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री पैगाम हैदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।।
Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular