हवा में जहर, हर सांस पर खतरा: आखिर कब थमेगा प्रदूषण का कहर

प्रभात पांडेय

देश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। हवा में घुलता जहर लोगों की सेहत पर गंभीर असर डाल रहा है। सुबह से लेकर शाम तक धुंध की चादर छाई रहने से सांस लेना मुश्किल हो गया है। बच्चे, बुजुर्ग और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। साफ हवा में सांस लेना अब लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में एयर पल्यूशन ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी की हवा अब सिर्फ खराब नहीं, बल्कि सेहत के लिए बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंचती दिखाई दे रही है। शुक्रवार तड़के सामने आए रियल टाइम आंकड़ों में दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 663 दर्ज किया गया। इस स्तर पर हवा की गुणवत्ता को ‘खतरनाक’ श्रेणी में रखा गया है। प्रदूषण का असर अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर भी महसूस होने लगा है। आंखों में जलन, सांस लेने में परेशानी और गले में तकलीफ जैसी शिकायतों के बीच सांस के मरीजों की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह घर से निकलना भी लोगों के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
प्रदूषण की गंभीरता का अंदाजा अलग-अलग इलाकों के आंकड़ों से लगाया जा सकता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह में दिल्ली की हवा लगातार जहरीली होती गई। 10 नवंबर को राजधानी का AQI 299 दर्ज किया गया था, जो 11 नवंबर को बढ़कर 324 और 12 नवंबर को 403 तक पहुंच गया। इसके बाद 13 नवंबर को AQI 373 और 14 नवंबर को 367 दर्ज किया गया। लगातार कई दिनों तक हवा बेहद खराब श्रेणी में बनी रही। हालांकि, 15 नवंबर को प्रदूषण के स्तर में कुछ गिरावट आई और AQI घटकर 290 पर पहुंच गया, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली। लेकिन यह राहत ज्यादा समय तक नहीं रही। 16 नवंबर की सुबह भी दिल्ली के कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता खराब बनी रही। द्वारका के NSIT इलाके में AQI 330 और सिरिफोर्ट में 328 दर्ज किया गया।
जहरीली हवा में सांस लेने से लोगों को कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। आंखों में जलन, गले में खराश, बार-बार खांसी आना, सिरदर्द और सांस लेने में परेशानी होना आम बात है। जिन लोगों को पहले से अस्थमा या दिल की बीमारी है, उनकी परेशानी और बढ़ सकती है। वायु प्रदूषण का खतरा केवल फेफड़ों और सांस संबंधी बीमारियों तक सीमित नहीं है। इसका असर दिल, रक्त वाहिकाओं, मधुमेह, गर्भावस्था, बच्चों के शारीरिक विकास और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। सेंटर फार रिसर्च आन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) की ओर से शुक्रवार को जारी इस विश्लेषण में वर्ष 1975 से 2025 के बीच प्रकाशित 180 अध्ययनों को शामिल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, वायु प्रदूषण के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों में हृदय संबंधी बीमारियां, मधुमेह, गर्भावस्था में जटिलताएं, बच्चों की वृद्धि प्रभावित होना, ट्यूमर, रक्त संबंधी विकार और मानसिक व तंत्रिका संबंधी समस्याएं भी शामिल हैं।
विश्लेषण का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि वायु प्रदूषण का खतरा केवल महानगरों और शहरी आबादी तक सीमित नहीं है। कुल 180 अध्ययनों में से 40 ने ग्रामीण आबादी पर प्रदूषण के स्वास्थ्य प्रभावों की पड़ताल की। इनमें से 38 अध्ययनों में कम से कम एक प्रतिकूल स्वास्थ्य प्रभाव का संबंध सामने आया। इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर शोध की संख्या काफी कम है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, दुनिया में हर साल करीब 67 लाख लोगों की समय से पहले मौत वायु प्रदूषण और घरेलू प्रदूषण के संयुक्त प्रभावों से जुड़ी होती है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। देश में पिछले पांच दशकों के दौरान वायु प्रदूषण और स्वास्थ्य के संबंध पर हुए 180 से अधिक महामारी विज्ञान संबंधी अध्ययनों के विश्लेषण में यह बात सामने आई है। इनमें से 91 प्रतिशत से अधिक अध्ययनों में वायु प्रदूषण के संपर्क और स्वास्थ्य पर कम से कम एक प्रतिकूल प्रभाव के बीच संबंध पाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सल्फर ऑक्साइड और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसी जहरीली गैसें भी सेहत के लिए काफी नुकसानदायक हैं। ये हवा में मौजूद दूसरे तत्वों के साथ मिलकर सल्फेट और नाइट्रेट जैसे छोटे-छोटे कण बनाती हैं। ये कण पीएम2.5 प्रदूषण को बढ़ाते हैं और सांस के साथ शरीर के अंदर जाकर फेफड़ों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रदूषण सिर्फ मौसम बदलने से होने वाली परेशानी नहीं है, बल्कि यह धीरे-धीरे हमारी सेहत को अंदर से खोखला कर रहा है। जहरीली हवा का असर दिल, दिमाग और शरीर के दूसरे अंगों पर भी पड़ता है। इससे दिल की बीमारियों, डायबिटीज और सांस से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए AQI के आंकड़ों को सिर्फ नंबर समझकर नजरअंदाज न करें। ये आंकड़े बताते हैं कि हम और हमारे बच्चे कैसी हवा में सांस ले रहे हैं। जरा सोचिए, अगर घर से बाहर निकलते ही हमारी सांसों में जहर घुल रहा है, तो आने वाली पीढ़ी का भविष्य कैसा होगा? आखिर हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे स्वस्थ रहें, खुलकर खेलें और लंबी उम्र जिएं। लेकिन इसके लिए उन्हें साफ हवा देना भी हमारी जिम्मेदारी है। क्योंकि अच्छी जिंदगी के लिए सिर्फ अच्छा खाना और बेहतर इलाज ही नहीं, बल्कि साफ हवा में सांस लेना भी जरूरी है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular