दरभंगा। डायरिया के प्रति जागरूकता की अलख जगाने के उद्देश्य से जिले के स्कूलों में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं l इसी क्रम में बृहस्पतिवार को मध्य विद्यालय, सिनुआर गोपाल, बहादुरपुर में पोस्टर एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गयी l स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा-छह, सात और आठ के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया lप्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य मुकेश श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया l पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर वर्ग-8 की श्रेया कुमारी, द्वितीय स्थान पर वर्ग-8 की संध्या कुमारी और तृतीय स्थान पर वर्ग-8 की ही तुलसी कुमारी रहीं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम ने 107 छात्रों (50 बालक एवं 57 बालिकाओं) का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। बच्चों में ओआरएस और ज़िंक टेबलेट का वितरण किया गया और उसके इस्तेमाल की सही विधि के बारे में बताया गया l प्रतियोगिता को लेकर शिक्षकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा और उन्होंने पूरी तन्मयता से कार्यक्रम में भाग लेने के साथ ही इस मौके पर डायरिया से जुड़ी जो जरूरी जानकारी उन्हें मिली, उसे घर जाकर अपने भाइयों-बहनों और परिजनों से भी साझा करने का संकल्प लिया l पोस्टर प्रतियोगिता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के आयोजन में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश श्रीवस्ताव का सराहनीय सहयोग रहा l इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से बहुत ही सहज तरीके से बच्चों के बीच डायरिया के संभावित कारणों एवं बचाव की समझ विकसित करने की कोशिश की गयी, जो कि बच्चों को डायरिया से सुरक्षित बनाने में मददगार साबित होगी l उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में संक्रामक बीमारियों से बचाव का सबसे सरल और कारगर तरीका साबुन और पानी से हाथों को अच्छी तरह से धुलना है। खाना खाने से पूर्व, खाना खाने के बाद, खाना बनाने से पहले, शौच के बाद एवं घर के साफ सफ़ाई के बाद हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह धुलते हैं तो हाथ स्वच्छ एवं कीटाणु मुक्त होगा और बीमारियां दूर रहेंगी। पीएसआई इंडिया के संजय तरुण ने बताया कि हाथ धोने के विभिन्न चरणों का पालन कर बच्चों को डायरिया समेत कई अन्य संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित बनाया जा सकता है। बच्चे को दस्त की शिकायत हो तो तुरन्त ओआरएस का घोल एवं जिंक देना शुरू करना चाहिए जो कि स्थानीय सरकारी अस्पतालों एवं आशा, एएनएम दीदी के पास निःशुल्क उपलब्ध है।
इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक फूल कुमार झा एवं अंजनी कुमार चौधरी का विशेष सहयोग रहा l बच्चों ने इनकी देखरेख में अनुशासित तरीके से निश्चित समयाविधि में कार्य को पूरा किया l इस मौके पर कम्युनिटी हेल्थ सेण्टर बहादुरपुर की मेडिकल टीम के साथ पीएसआई इंडिया के अखिलेश कुमार आदि ने भाग लिया।

