पीलीभीत। चुनावी तैयारियों के बीच संगठनात्मक सक्रियता और आपसी समन्वय को मजबूती देने की दिशा में प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा के आवास पर पहुंचकर उनसे सपरिवार आत्मीय मुलाकात की। इस दौरान पारिवारिक कुशलक्षेम जानने के साथ संगठन की महिला शक्ति एवं पदाधिकारियों से भी संवाद किया गया। मुलाकात ने जहां आत्मीयता और पारिवारिक संबंधों की झलक पेश की, वहीं चाय पर हुई राजनीतिक चर्चा ने आगामी चुनावों को लेकर संगठन की सक्रियता का संदेश भी दिया।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार का जिलाध्यक्ष पंकज शर्मा के आवास पर पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वागत किया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, संगठनात्मक और राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई। बातचीत के केंद्र में आगामी चुनाव और जिले में संगठन की भूमिका रही। राज्यमंत्री ने हिंदू महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल और जनसंपर्क को महत्वपूर्ण बताते हुए चुनावी तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भी संगठनात्मक जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल बनाने और पूरी एकजुटता से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर संगठन की महिला शक्ति की मौजूदगी भी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। पारिवारिक मुलाकात के साथ संगठन के लोगों से संवाद ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम में हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष मयंक जायसवाल, गौरव शर्मा, आयुष सक्सेना, बिंदु सिंह सहित संगठन के दर्जनों पदाधिकारी एवं सैकड़ों सदस्य मौजूद रहे।
संगठन का संदेश साफ—मैदान में उतरने के बाद मंजिल से पहले ठहरना नहीं। कार्यकर्ताओं के उत्साह, आपसी समन्वय और चुनावी सक्रियता को लेकर हुई इस चर्चा को जिले में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण मुलाकात के रूप में देखा जा रहा है।

