सुल्तानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद युवक की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वारदात के तीन दिन बाद पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
मामला बीते 16 नवंबर की देर शाम अखंडनगर थाना क्षेत्र के पत्तजू पहाड़पुर गांव के मजरे सिखौली का है। जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र निवासी दिलीप और नरेंद्र गांव आए हुए थे। इसी दौरान जगदीशपुर निवासी शिवम चौहान और उसके साथियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पहले शराब की बोतल से हमला किया गया और फिर चाकू से दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए गए। हमले में दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अखंडनगर सीएचसी से प्राथमिक उपचार के बाद अंबेडकरनगर रेफर किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। अब पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

