नई दिल्ली। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सबसे करीबी गुर्गे सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की मुश्किलें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ गई हैं। अमेरिका और कनाडा की शीर्ष जांच एजेंसियों ने उस पर शिकंजा कसते हुए करोड़ों रुपये के इनाम का ऐलान किया है। अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने उसे अपनी ‘टॉप 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ों’ की सूची में शामिल किया है, वहीं कनाडा ने भी उसे अपने देश के 25 सबसे वांछित अपराधियों की सूची में पहले स्थान पर रखा है।
गिरफ्तारी पर कुल 10 करोड़ से ज्यादा का इनाम
• अमेरिका (FBI): गोल्डी बराड़ की सूचना देने वाले को 10 लाख अमेरिकी डॉलर (करीब 9.26 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की गई है।
• कनाडा: विनिपेग पुलिस विभाग ने उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी सटीक जानकारी देने पर 2.5 लाख कनाडाई डॉलर का इनाम रखा है, जिसकी समयसीमा 2 नवंबर 2027 तक तय की गई है।
FBI की सूची में शामिल होने वाला 543वां भगोड़ा
एफबीआई ने 28 सितंबर 2026 को गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में जगह दी थी, जिससे वह इस सूची में शामिल होने वाला 543वां भगोड़ा बन गया है। अमेरिकी एजेंसी ने बराड़ को बेहद खतरनाक और हथियारबंद अपराधी बताते हुए कहा है कि वह उत्तरी अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित प्रमुख है। एजेंसी के मुताबिक, यह गिरोह अमेरिका और कनाडा में राजनीतिक व धार्मिक हस्तियों की टारगेट किलिंग, गोलीबारी, अपहरण, रंगदारी और ड्रग्स व हथियारों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त है।
अमेरिका में किन मामलों में दर्ज हैं केस?
एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका की संघीय अदालत में संगठित अपराध गिरोह चलाने, जबरन वसूली और नशीले पदार्थों की तस्करी की साजिश रचने के गंभीर आरोप दर्ज हैं। इससे पहले 7 जुलाई 2026 को ‘ऑपरेशन हार्डबॉल’ के तहत तीन अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों के 37 आरोपियों पर आरोपपत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े सदस्य भी शामिल थे।
कनाडा में ‘सुखा दुनेके’ हत्याकांड में तलाश
कनाडा के ‘बोलो प्रोग्राम’ द्वारा 19 नवंबर को जारी 25 सबसे वांछित भगोड़ों की नई सूची में गोल्डी बराड़ को शीर्ष पर रखा गया है। विनिपेग पुलिस को 20 सितंबर 2023 को हेजलटन ड्राइव इलाके में हुई गैंगस्टर सुखदूल सिंह गिल उर्फ ‘सुखा दुनेके’ की हत्या के मामले में उसकी तलाश है। इस हत्याकांड में 23 फरवरी 2026 को गोल्डी बराड़ Nicolo और करणबीर सिंह के खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर और साजिश रचने का गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
कनाडा में आतंकी संगठन घोषित है बिश्नोई गैंग
गौरतलब है कि कनाडा सरकार ने सितंबर 2025 में ही लॉरेंस बिश्नोई गिरोह को ‘आतंकवादी संगठन’ घोषित कर दिया था। कनाडाई अधिकारियों का मानना है कि यह गिरोह भारतीय मूल के नागरिकों और अन्य समुदायों में हिंसा और रंगदारी के जरिए दहशत फैला रहा है। भारत में भी पहले से कई मामलों में वांछित चल रहे गोल्डी बराड़ पर अब अमेरिका और कनाडा की संयुक्त घेराबंदी से गिरफ्तारी का दबाव काफी बढ़ गया है।

