कोलकाता में तड़के TMC कार्यालय पर हमले का आरोप, अभिषेक बनर्जी ने BJP पर साधा निशाना

नई दिल्ली, एजेंसी। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि कोलकाता की कैमक स्ट्रीट स्थित पार्टी कार्यालय पर सुबह करीब 4:30 बजे बड़ी संख्या में BJP कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उनके मुताबिक, हमले के दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ की गई और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई।

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद करीब दो घंटे तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि TMC कार्यकर्ताओं और वकीलों की ओर से पुलिस को लगातार फोन और ईमेल किए गए, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने दावा किया कि हमलावरों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के फोन छीन लिए, फर्नीचर तोड़ा और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचाया। अभिषेक बनर्जी ने घटना की पूरी जांच कराने और हमले में शामिल लोगों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की।

न्यायपालिका से हस्तक्षेप की अपील

अभिषेक बनर्जी ने राज्य सरकार, केंद्र और प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने राज्यपाल, केंद्रीय गृह मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय से मामले में कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट से भी घटना का संज्ञान लेने और पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप की अपील की।

उन्होंने राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष को हिंसा और डराने-धमकाने के जरिए दबाने की कोशिश की जा रही है। अभिषेक बनर्जी ने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular