ईरान से रिश्तों पर अमेरिका की चेतावनी, रुबियो बोले- प्रतिबंधों से बचने में मदद न करें देश

वॉशिंगटन, एजेंसी। मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की हालिया मुलाकात को लेकर अमेरिका ने भारत समेत अन्य देशों को चेतावनी दी है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि कोई भी देश ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने या अतिरिक्त राजस्व जुटाने में मदद न करे।

रुबियो ने फॉक्स न्यूज रेडियो के ‘द ब्रायन किल्मीड शो’ में बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। उनसे बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर पीएम मोदी और पेजेश्कियन की मुलाकात के बारे में सवाल पूछा गया था।

व्यापार समझौते पर रुबियो ने क्या कहा?

कार्यक्रम के दौरान जब रुबियो से पूछा गया कि क्या भारत और ईरान किसी व्यापार समझौते की तैयारी कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा नहीं लगता। उन्होंने कहा कि दुनिया के कई देश ईरान की सरकार के साथ संपर्क में हैं और हर देश अपनी विदेश नीति खुद तय करता है।

रुबियो ने यह भी कहा कि अमेरिका ने भी ईरानी प्रतिनिधियों से बातचीत की है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी देश को ईरान को अमेरिकी प्रतिबंधों से बचने के तरीके उपलब्ध नहीं कराने चाहिए।

‘ऐसा करने वालों पर भी लगाएंगे प्रतिबंध’

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि अगर कोई देश ईरान को ऐसे तरीके उपलब्ध कराता है, जिससे वह राजस्व जुटाकर उसका इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने या परमाणु हथियार विकसित करने की कोशिश में कर सके, तो अमेरिका उस देश पर भी प्रतिबंध लगा सकता है।

रुबियो की यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब ट्रंप प्रशासन ने ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाया है। अमेरिका ने ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों और कंपनियों को संभावित सेकेंडरी सैंक्शंस की चेतावनी भी दी है।

पीएम मोदी और पेजेश्कियन की मुलाकात में क्या हुई बात?

बिश्केक में SCO शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने भारत-ईरान संबंधों पर चर्चा की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने और उसे अधिक विविध बनाने के तरीकों पर बातचीत की। इसके अलावा पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, कमर्शियल शिपिंग और नाविकों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत और ईरान के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों को विभिन्न क्षेत्रों में और मजबूत करने पर सहमति बनी है। उन्होंने दोनों देशों के बीच व्यापार का दायरा बढ़ाने और उसमें विविधता लाने की इच्छा जताई।

पीएम मोदी ने क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि भारत स्थायी शांति के लिए किए जा रहे प्रयासों का समर्थन जारी रखेगा।

विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, पीएम मोदी ने खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव पर चिंता जताई और दोहराया कि विवादों और तनाव का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए होना चाहिए।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular