लेटेस्ट न्यूज़
28 Feb 2026, Sat

अफगानिस्तान से हुई पिटाई, फिर शहबाज-मुनीर की पीठ क्यों थपथपा रहे ट्रंप?

काबुल। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जंग जैसे हालात हैं। दोनों देशों की तरफ से एक दूसरे पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। अब तक इन हमलों में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी दोनों देश एक दूसरे पर कार्रवाई जारी रखने की बात कहते नजर आ रहे हैं। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति का बयान भी सामने आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सैन्य विवाद के बीच शहबाज शरीफ और जनरल आसिम मुनीर की तारीफ की, उन्हें ‘महान’ बताया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दोनों देशों के मौजूदा हालात पर US के हस्तक्षेप करने का भी संकेत दिया है। ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया जब दोनों देशों के बीच हवाई हमलों और ‘खुली जंग’ के आरोपों से तनाव चरम पर है, जिससे क्षेत्रीय टकराव बढ़ने का डर है। पाकिस्तान ने ड्रोन पर प्रतिबंध भी लगाया है।
जरूरत पड़ने पर करेंगे हस्तक्षेप- ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से जब पूछा गया कि क्या अमेरिका इस विवाद को सुलझाने में भूमिका निभाएगा, तो उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो वह हस्तक्षेप करेंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ उनके अच्छे रिश्ते हैं और वहां की लीडरशिप के साथ उनकी अच्छी समझ है।
दोनों देशों के बीच बिगड़ रहे रिश्ते
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर है, पिछले दो दिनों के भीतर हालात और बिगड़े हैं। पाकिस्तान ने काबुल कंधार और पक्तिया के कुछ हिस्सों में एयर स्ट्राइक करने का दावा किया है।इसके बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इसे खाली जंग बताया था। दूसरी ओर, अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई का दावा किया है।
पाकिस्तान ने लगाया ड्रोन पर प्रतिबंध
दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के बाद पाकिस्तान ने पूरे देश में कमर्शियल और निजी ड्रोन पर प्रतिबंध लगा दिया है। दूसरी तरफ अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसने पाकिस्तान के अंदर कुछ सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इनमें इस्लामाबाद के पास फैजाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद के ठिकाने शामिल बताए गए हैं।
हमलों से पाकिस्तान को नुकसान?
पाकिस्तान ने गजब लिल हक नाम का ऑपरेशन शुरू किया और काबुल समेत कई प्रांतों में हमले किए हैं। वहीं इन हमलों को लेकर पाकिस्तान का दावा है कि उसके मामले में 274 अफगान लड़ाके मारे गए, जबकि 400 से ज्यादा घायल हैं। अफगान मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तालिबानी लड़ाकों ने एक पाकिस्तानी जेट भी मार गिराया है। हालांकि इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। अफगान सरकार का ये भी दावा है कि 23 पाकिस्तानी सैनिकों के शव उसके पास हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।