लखनऊ। नवाबी शहर लखनऊ की पहचान अब सिर्फ अपनी तहजीब और अदब से नहीं, बल्कि साफ हवा से भी होने लगी है। केंद्र सरकार के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में लखनऊ ने देश के बड़े शहरों को पीछे छोड़ते हुए पहला स्थान हासिल किया है। खास बात यह है कि कभी प्रदूषण को लेकर चर्चा में रहने वाला लखनऊ अब स्वच्छ हवा के मामले में देश में अव्वल है। वहीं, लगातार स्वच्छता के लिए पहचान बनाने वाला इंदौर इस बार दूसरे पायदान पर रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की ओर से किए गए इस सर्वेक्षण में देश के 130 प्रमुख शहरों की वायु गुणवत्ता और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रयासों का आकलन किया गया। पर्यावरण मंत्रालय के स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में शहरों को आबादी के आधार पर दो श्रेणियों में बांटा गया। पहली श्रेणी में 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहर और दूसरी में 3 लाख से 10 लाख तक की आबादी वाले शहर शामिल किए गए।
लखनऊ की हवा सबसे साफ
10 लाख से अधिक आबादी वाले 48 शहरों की श्रेणी में लखनऊ ने 198 अंक के साथ पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद मध्य प्रदेश का इंदौर 197 अंकों के साथ दूसरे और जबलपुर 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। भोपाल 192 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जबकि उत्तर प्रदेश का आगरा भी 192 अंकों के साथ शीर्ष पांच में शामिल है।
यानी इस बार स्वच्छ हवा की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शहरों का दबदबा देखने को मिला।
टॉप-20 में यूपी के पांच शहर
10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की शीर्ष-20 सूची में उत्तर प्रदेश के पांच शहर शामिल हैं। इनमें लखनऊ सबसे आगे है। इसके अलावा आगरा, गाजियाबाद, कानपुर और प्रयागराज ने भी अपनी जगह बनाई है।
शहर फाइनल स्कोर रैंक
लखनऊ 198 1
आगरा 192 4
गाजियाबाद 184 9
कानपुर 183.2 11
प्रयागराज 180 13
बिहार में सिर्फ पटना की हवा साफ
रैंकिंग में बिहार से सिर्फ पटना ही 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों की श्रेणी में स्वच्छ हवा के मामले में शीर्ष सूची में जगह बना सका। इससे साफ है कि बड़े शहरों में वायु प्रदूषण से निपटने की चुनौती अभी भी कई राज्यों के सामने बनी हुई है।
3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों में राउरकेला नंबर वन
अब बात करते हैं 3 लाख से 10 लाख आबादी वाले शहरों की। इस श्रेणी में ओडिशा का राउरकेला सबसे आगे रहा। राउरकेला ने 198.5 के फाइनल स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। उत्तर प्रदेश का फिरोजाबाद 195 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। आंध्र प्रदेश का गुंटूर भी 195 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। महाराष्ट्र का अमरावती 194 अंकों के साथ चौथे और ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर 193.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रही। वहीं, यूपी का नोएडा इस श्रेणी में 10वें स्थान पर रहा।
हवा की रैंकिंग में बदली तस्वीर
स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 के आंकड़े बताते हैं कि देश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए किए जा रहे प्रयासों का असर दिखाई दे रहा है। लखनऊ का नंबर वन पर पहुंचना उत्तर प्रदेश के लिए खास उपलब्धि है। वहीं, इंदौर का दूसरे स्थान पर आना भी बताता है कि स्वच्छता के साथ-साथ साफ हवा की चुनौती पर शहरों को लगातार काम करना होगा।
कुल मिलाकर इस बार की रैंकिंग में उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के शहरों का प्रदर्शन खास तौर पर मजबूत रहा, जबकि राउरकेला ने 3 से 10 लाख आबादी वाली श्रेणी में बाजी मारी।


