वडोदरा में उमड़ा जनसैलाब, PM मोदी ने 20,700 करोड़ से ज्यादा के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स किए लॉन्च, जोरदार हुआ स्वागत

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात दौरे के दौरान मंगलवार को वडोदरा में आयोजित ‘नमो फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम में लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का भी उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री के इस दौरे में देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को मजबूत करने पर खास फोकस है। इसी क्रम में वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के तीन महत्वपूर्ण सेक्शन देश को समर्पित किए जा रहे हैं। इन तीनों हिस्सों की कुल लंबाई करीब 326 रूट किलोमीटर है और इन्हें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है।

फ्रेट कॉरिडोर के इन तीन सेक्शन को किया जाएगा समर्पित

वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के जिन तीन हिस्सों को देश को समर्पित किया जा रहा है, उनमें साणंद (N)-मकरपुरा, न्यू उमबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-JNPT शामिल हैं।

ये सेक्शन देश के महत्वपूर्ण फ्रेट कॉरिडोर नेटवर्क का हिस्सा हैं। इनके शुरू होने से प्रमुख औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों के बीच रेल के जरिए माल ढुलाई को और गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही पश्चिमी मार्ग पर माल परिवहन की क्षमता, गति और दक्षता में भी सुधार होगा।

एक घंटे में फुल हुईं सीटें, 42 हजार से ज्यादा वेटिंग में

वडोदरा में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर लोगों में किस कदर उत्साह है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि BookMyShow पर रजिस्ट्रेशन शुरू होने के महज एक घंटे के भीतर उपलब्ध सभी सीटें बुक हो गईं। इसके बाद 42 हजार से अधिक लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया।

गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में डिजिटल रजिस्ट्रेशन और एंट्री सिस्टम की भी व्यवस्था की गई है। भीड़ के आवागमन और प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने के लिए एक निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया जा रहा है।प्रधानमंत्री के गुजरात दौरे को राज्य में बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क को नई गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।