लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीएसपी के विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर आयकर विभाग ने रेड मारी है। लखनऊ में उनके आवास और सोनभद्र के ठिकानों पर रेड मारी गई है। इसके अलावा बलिया स्थित आवास और ऑफिस पर भी IT की छापेमारी चल रही है। उनके आवास के बाहर फोर्स को भी तैनात किया गया है। घर में मौजूद किसी भी शख़्स को बाहर जाने की अनुमति नहीं है। इस मेगा रेड में आयकर विभाग की बड़ी टीम शामिल हैं। उमाशंकर बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। आईटी की टीम विधायक के आवास के अंदर फाइलें और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के साथ-साथ रिकॉर्ड्स भी खंगाल रही है।
छापेमारी के दौरान उमाशंकर सिंह के आवास के बाहर भारी फोर्स को तैनात किया गया है। घर में मौजूद किसी भी शख्स को बाहर जाने की अनुमति नहीं है। आईटी टीम ने विधायक के आवास और ऑफिस को घेर रखा है। रेड के लिए आयकर टीम ने लग्जरी गाड़ियों का इस्तेमाल किया है। गाडियों पर शादी से जुड़े पैम्फलेट लगाए गए थे। आईटी टीम के साथ पुलिस फोर्स मौजूद है। ओबरा थाना क्षेत्र के 5 ठिकानों पर छापेमारी की सूचना मिल रही है। ये सभी छापेमारी खनन से जुड़ी बताई जा रही हैं।
आयकर विभाग की बड़ी टीम ने सोनभद्र में भी छापेमारी की। आयकर टीम की छापेमारी से वहां पर हड़कंप मच गया। करीब 25 गाड़ियों के काफिले से आईटी टीम सोनभद्र पहुंची। टीम यहां पर करीब आधा दर्जन व्यापारियों के घर पर छापेमारी कर रही है। ये सभी खनन से जुड़े हुए हैं। छापेमारी के लिए आईटी की टीम में 60 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए हैं।
बीएसपी नेता उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक हैं। उमाशंकर लगातार 3 बार से यहां से विधायक हैं। उन्होंने पहली बार इस सीट पर साल 2012 में बीएसपी के टिकट पर जीत हासिल की थी। उमाशंकर सिंह की छात्र शक्ति कन्स्ट्रक्शन्स नाम की कंपनी है।
यह कंपनी रोड कन्स्ट्रक्शन्स का काम करती है। माइनिंग सेक्टर में भी उमाशंकर की कंपनी काम करती है। इसके अलावा वह स्कूल और होटल इंडस्ट्री में भी हैं। उनकी पत्नी पुष्पा सिंह सीएस इन्फ्रा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। बताया जा रहा है कि उमाशंकर कैंसर से पीड़ित हैं और लखनऊ स्थित अपने आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। उनके अब तक 2 ऑपरेशन हो चुके हैं। लखनऊ के गोमतीनगर में ही बीएसपी नेता का आवास और दफ्तर है। आईटी टीम की छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के भी आने जाने पर रोक लगा दी गई है।

