बंगलूरू, एजेंसी। कर्नाटक में ठेकेदार संघ की ओर कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाने के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमलावर हो गई है। भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की है। आर अशोक ने सिद्धारमैया सरकार को ’80 फीसदी कमीशन वाली सरकार’ बताया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक अब इस भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को बर्दाश्त नहीं कर सकता।
पिछले हफ्ते कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ (केएससीए) ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में आरोप लगाया गया था कि कांग्रेस सरकार में विभिन्न विभागों में बिल पास करवाने के लिए मांगी जाने वाली कमीशन की दर पिछली भाजपा सरकार की तुलना में दोगुनी हो गई है। केएससीए ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पिछले करीब दो वर्षों से ठेकेदारों का लंबित भुगतान नहीं किया है।
2023 के विधानसभा चुनावों से पहले केएससीए ने 40 फीसदी कमीशन का आरोप लगाया था। जो राज्य की राजनीति में बड़ा मुद्दा बन गया था, जिसे कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ एक बड़ा चुनावी मुद्दा बनाया था।
भाजपा ने पूछा: आखिर आरोपों पर क्यों चुप हैं मंत्री?
आर. अशोक ने एक्स पर लिखा, कर्नाटक के ठेकेदारों ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार की पोल खोल दी है। जब विपक्ष में थे, तब सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार (मौजूद उपमुख्यमंत्री) 40 फीसदी कमीशन को लेकर खूब बोलते थे। आज उनके राज में खुद ठेकेदार कह रहे हैं कि अब (कमीशन की) दर दोगुनी हो गई है। कर्नाटक में अब 80 फीसदी कमीशन सरकार बन गई है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता ने पूछा कि इन आरोपों पर मंत्री आखिर चुप क्यों हैं और सामने आकर सफाई क्यों नहीं दे रहे?
‘कर्नाटक में अब 80% कमीशन की सरकार’, ठेकेदार संघ के आरोपों के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना
