लेटेस्ट न्यूज़
4 Oct 2025, Sat

महात्मा गांधी की पुण्यतिथि, राष्ट्रपति मुर्मू- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बापू को दी श्रद्धांजलि, राहुल-खरगे ने भी याद किया

नई दिल्ली। महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथी पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई दिग्गज नेताओं ने बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुर्मू ने गांधी की समाधि राजघाट पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके अलावा, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और मनोहर लाल खट्टर समेत अन्य नेताओं ने भी गांधी को श्रद्धांजलि दी। साथ ही बापू की याद में दो मिनट का मौन भी रखा गया।
पीएम मोदी ने किया एक्स पर पोस्ट
महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथी पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि गांधी के आदर्श हमें एक विकसित भारत बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। साथ ही उन्होंने अपने देश के लिए शहीद हुए सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान को याद किया।
राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने बापू की 77वीं पुण्यतिथि पर उन्हें याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर लिखा कि गांधी जी सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, वह भारत की आत्मा हैं, और हर भारतीय में आज भी जीवित हैं। उन्होंने आगे लिखा कि सत्य, अहिंसा और निडरता की शक्ति बड़े से बड़े साम्राज्य की जड़ें हिला सकती हैं – पूरा विश्व उनके इन आदर्शों से प्रेरणा लेता है। राष्ट्रपिता, महात्मा, हमारे बापू को उनके शहीद दिवस पर शत-शत नमन।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने बापू को दी श्रद्धांजलि
महात्मा गांधी की पुण्यतिथी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी बापू को याद किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आप मुझे बेड़ियों से जकड़ सकते हैं, यातना दे सकते हैं, आप इस शरीर को ख़त्म भी कर सकते हैं, लेकिन आप मेरे विचारों को क़ैद नहीं कर सकते। महात्मा गांधी बलिदान दिवस पर बापू को विनम्र श्रद्धांजलि।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बापू को किया याद

महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने बापू को याद किया। उन्होंने राजघाट पर बापू को श्रद्धांजलि दी। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि पर उन्हें मेरी श्रद्धांजलि। गांधी जी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत, जो हमारे सभ्यतागत मूल्य और संस्कृति से प्रेरित थे, न केवल हमारी स्वतंत्रता संग्राम को मार्गदर्शन देते थे, बल्कि उन्होंने दुनिया भर में मानवीय गरिमा, आत्मनिर्णय और स्वतंत्रता के लिए भी कई आंदोलनों को प्रेरित किया। गांधी जी का ‘स्वदेशी’ और ‘ग्राम स्वराज’ का विचार आज भी हमारे समय में बहुत महत्वपूर्ण है। उनकी अनमोल शिक्षाएं और सिद्धांत भारत को लगातार प्रगति, विकास और एकता की दिशा में आगे बढ़ाते रहें।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *