कानपुर में बड़ा विमान हादसा, गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग प्लेन क्रैश; दोनों पायलटों की मौत

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा गांव के बाहरी इलाके में एक ट्विन-इंजन ट्रेनिंग विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार ट्रेनर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, विमान ने करीब 11:30 बजे गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरी थी। करीब 11:50 बजे ग्वालटोली क्षेत्र के नत्थापुरवा गांव के पास चार सीटों वाला दो इंजन का टेकनम एयरक्राफ्ट क्रैश हो गया। विमान के खेत में गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

हादसे में ट्रेनर सचिन भाटिया, जो गुजरात के रहने वाले थे, और ट्रेनी अभिषेक पुजारी, निवासी कर्नाटक, की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है।

कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, विमान हादसे की जानकारी DGCA को दे दी गई है। विमान दुर्घटना की तकनीकी वजह और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच DGCA की टीम करेगी। फिलहाल हादसा किस कारण हुआ, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस और संबंधित अधिकारी घटनास्थल पर आवश्यक कार्रवाई में जुटे हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular