लेटेस्ट न्यूज़
19 May 2026, Tue

उत्तर प्रदेश में पारा 46 डिग्री के पार, इन राज्यों में आज लू का अलर्ट

नईदिल्ली। उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के कई राज्य भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झेल रहे हैं, वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर में तूफानी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। कई शहरों में तापमान 43 डिग्री के पार चला गया, जबकि उत्तर प्रदेश का बांदा 46.4 डिग्री तापमान के साथ रविवार को देश का सबसे गर्म शहर रहा। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में लू चलने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर सबसे ज्यादा दिखाई दे रहा है। पश्चिमी इलाकों में 19-23 मई के बीच कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ सकती है। कई शहरों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में इस सप्ताह तापमान 2-3 डिग्री बढ़ने से 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। दिल्ली में आज गर्म हवाएं परेशान कर सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।
पहाड़ी राज्यों के मौसम की बात करें तो उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में हल्की बारिश और तेज हवा चलने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 19 मई को शिमला, कांगड़ा, सोलन, सिरमौर, ऊना, किन्नौर और चंबा में हल्की बारिश की चेतावनी है। पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अचानक बदल सकता है। इसके चलते चारधाम यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, क्योंकि कुछ जगहों पर भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा भी हो सकता है।
दक्षिण भारत के कई राज्यों में प्री-मानसून का असर बढ़ रहा है। केरलम, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। केरलम और माहे में 21 मई तक लगातार बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और आंधी का असर बना रह सकता है। कई जगहों पर भूस्खलन होने की आशंका है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।