नई दिल्ली, एजेंसी। कांग्रेस के पूर्व नेता डॉ शकील अहमद के बयान से सियासत गरमा गई है। शकील अहमद ने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाया है। शकील अहमद के सवाल उठाए जाने पर कांग्रेस के नेता उदित राज ने पलटवार किया है और उनकी बातों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी बातों में कोई दम नहीं है।
डॉ शकील अहमद के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने कहा कि मैं उनके बयानों से सहमत नहीं हूं। कांग्रेस के अच्छे दिनों में शकील अहमद को बहुत सारी जिम्मेदारियां दी गई थीं। वह हरियाणा और दिल्ली के प्रभारी थे। वह राज्य मंत्री रहे थे।
उन्होंने कहा कि उन्हें संविधान और अल्पसंख्यकों के अधिकारों को बचाने के लिए राहुल गांधी के साथ मज़बूती से खड़ा होना चाहिए था। अगर वह कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर शशि थरूर को वोट देना चाहते थे, तो उन्हें देना चाहिए था। पार्टी में ऐसे लोग हैं जिन्होंने उन्हें वोट दिया, और पार्टी को यह पसंद नहीं आया। उनका दिया यह लॉजिक सही नहीं है।
राहुल गांधी क्यों असुरक्षित महसूस करेंगे?
उन्होंने कहा कि उनका तर्क सही नहीं है। वो शशि थरूर को वोट दे सकते थे। शशि थरूर को 10 फीसदी वोट मिले हैं। पार्टी ने उन्हें वोट देने वालों के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया है। उन्होंने कहा किराहुल गांधी बड़े नेता हैं। वो खुद 2009 में पीएम बन सकते थे। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया। कांग्रेस वर्किंग कमेटी आग्रह करती रही। इस्तीफा नहीं दें। वो तो त्यागी व्यक्ति हैं। ऐसे त्यागी व्यक्ति पर किसी पर क्या आरोप लगाना? राहुल गांधी जनाधार के नेता हैं। वह क्यों असुरक्षित महसूस करेंगे?

