लेटेस्ट न्यूज़
13 Feb 2026, Fri

टी-20 विश्व कप 2026: दासुन शनाका ने श्रीलंका के लिए जड़ा सबसे तेज टी-20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक

नईदिल्ली। श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान दासुन शनाका ने टी-20 विश्व कप 2026 के 16वें मुकाबले में ओमान क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतकीय पारी (50) खेली। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 7वां और टी-20 विश्व कप में पहला ही अर्धशतक रहा। शनाका ने सिर्फ 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह श्रीलंका के लिए इस प्रारूप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने अपना ही पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।
शनाका ने सिर्फ 20 गेंदों का सामना किया और बेहतरीन 50 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 2 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 250 की रही। उन्होंने कुसल मेंडिस के साथ मिलकर 28 गेंदों में 63 रन जोड़े। शनाका की शानदार पारी के दम पर ही श्रीलंका ने 225/5 का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। शनाका के अलावा मेंडिस (61) और पवन रत्नायके (60) ने भी अर्धशतक जड़े।
शनाका अब टी-20 विश्व कप में श्रीलंका के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने पूर्व दिग्गज महेला जयवर्धने का रिकॉर्ड तोड़ा है। महेला ने साल 2007 के टी-20 विश्व कप में केन्या क्रिकेट टीम के खिलाफ सिर्फ 21 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। श्रीलंका के लिए इससे पहले शनाका ने ही सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। उन्होंने ये पारी भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2023 में खेली थी।
शनाका ने अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2015 में खेला था। अब तक इस खिलाड़ी ने 126 मुकाबले खेले हैं और इसकी 114 पारियों में 19.96 की औसत और 126.37 की स्ट्राइक रेट से 1,797 रन बनाने में सफल रहे हैं। उनके बल्ले से 7 अर्धशतक निकले हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 74 रन रहा है। इस खिलाड़ी ने 24.76 की औसत के साथ 43 विकेट भी चटकाए हैं।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।