नई दिल्ली। भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने संसद में बड़ा बयान देते हुए कहा कि देश के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। हालांकि इस दौरान विपक्ष के सांसदों को विरोध प्रदर्शन जारी रहा और जमकर नारेबाजी भी हुई।
उन्होंने बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्षी सासंदों के शोर के बीच कहा कि देश के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई और किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया गया। कृषि क्षेत्र के हितों की रक्षा होगी और अमेरिकी बाजार में भारत का निर्यात बढ़ेगा।
‘दुग्ध क्षेत्र में भी हित सुरक्षित’
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हम कृषि क्षेत्रों की रक्षा में सफल रहे और कई क्षेत्रों पर चर्चा के बाद सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि दुग्ध क्षेत्र में भी हमारे हित सुरक्षित रहे हैं और डील से दोनों पक्षों का हित है। दोनों देशों को फायदा होगा।
पीयूष गोयल ने बताया कि 2 फरवरी 2026 को पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व के कई मामलों पर टेलीफोन पर बातचीत की। इसके बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने टैरिफ को घटाकर 18% करने की घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि यह टैरिफ कई प्रतिस्पर्धी देशों पर अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ से कम है।’
‘विकसित और आत्मनिर्भर भारत पहलों को मिलेगा बढ़ावा’
उन्होंने कहा, ‘अमेरिका के साथ ट्रेड डील में भारत कृषि और डेयरी जैसे संवेदनशील सेक्टर में अपने हितों की रक्षा करने में कामयाब रहा है। भारत-अमेरिका व्यापार समझौता विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत पहलों को बढ़ावा देने में मदद करेगा।’ पीयूष गोयल के संसद में भाषण के साथ ही विपक्षी सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी और तख्तियां दिखाकर विरोध किया। जब सांसदों का हंगामा ज्यादा बढ़ गया तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
‘ये समझौता ऐतिहासिक, किसानों को नहीं कोई नुकसान’, भारत-US ट्रेड डील पर पीयूष गोयल का संसद में बयान

