यश, कियारा आडवाणी की टॉक्सिक, अपने दमदार टाइटल इंट्रो वीडियो के बाद से सबका ध्यान खींच रही है। फैंस इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस इंतजार के बीच डायरेक्टर गीतू मोहनदास ने फिल्म के टीजर का अनाउंस करके इस एक्साइटमेंट को और बढ़ा दिया है। यह फिल्म रणवीर सिंह की धुरंधर 2 से क्लैश करेगी।
हफ्तों के इंतजार के बाद, मेकर्स ने टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स के टीजर रिलीज की तारीख का एलान किया है। गीतू मोहनदास ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर यश का नया पोस्टर शेयर किया और टीजर रिलीज डेट बताते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा है, टॉक्सिक का टीजर 20।02।2026, सुबह 9:35। टॉक्सिक 19-03-2026 से दुनिया भर के सिनेमाघरों में आएगी।
पोस्टर में यश अपने किरदार में नजर आ रहे हैं। वह खून से लथपथ बर्फीली जमीन पर खड़े दिख रहे हैं। एक्टर बोतल से पानी पीते हुए दिख रहे हैं। मलबे और तबाही के बीच उनका चेहरा थोड़ा छिपा हुआ है। नया पोस्टर इस बात को और पक्का करता हैं कि फिल्म एक डार्क, स्टाइलिश एक्शन ड्रामा है जो एक हिंसक और नैतिक रूप से अस्पष्ट दुनिया में सेट है। फिल्म का टीजर आज 20 फरवरी को आएगा।
टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स में कन्नड़ सुपरस्टार यश राया का रोल अदा करेंगे। कियारा आडवाणी नादिया की भूमिका में हैं, हुमा कुरैशी एलिजाबेथ के रूप में नजर आएंगी। नयनतारा गंगा के रूप में हैं, जबकि तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत कलाकारों की टोली को पूरा करती हैं।
गीतू मोहनदास की निर्देशित और यश के साथ सह-लिखित टॉक्सिक फिल्म कन्नड़ और अंग्रेजी में एक साथ शूट की गई है। इसे कई भाषाओं में डब किए जाने का प्लान है। वेंकट के नारायण और यश की केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले निर्मित, टॉक्सिक फिल्म ईद, उगादी और गुड़ी पड़वा के अवसर पर 19 मार्च को विश्व स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

