स्वामी प्रसाद मौर्य ने ऑपरेशन सिंदूर पर उठाया सवाल, बोले- पाकिस्तान में एक भी आतंकी नहीं मारा गया

अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में मंगलवार को अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य पहुंचे। यहां उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर पर सवाल उठाया। कहा कि पाकिस्तान में एक भी आतंकवादी नहीं मारा गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया तो बहुत खुशी हुई कि देर आए दुरुस्त आए। सोचा था कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से आतंकवादियों का खात्मा होगा। लेकिन, 24 घंटे के अंदर सब टांय-टांय फुस्स हो गया।
मौर्य ने आगे कहा कि बहनों का सम्मान करने की बजाय उनका अपमान किया गया। ऑपरेशन सिंदूर के नाम पर बहनों को धोखा दिया। ऐसी क्या बात थी कि 24 घंटे के अंदर बैकफुट पर आ गए। जबकि, एक भी आतंकवादी वहां पर घुसकर नहीं मारा गया। सारे आतंकवादियों का सफाया करने के बाद ही युद्ध बंद किया जाता।
सरकार को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने बहनों की आंखों में धूल झोंका है। देशवासियों के भी आंखों में धूल झोंका। यही भाजपा का चाल और चरित्र और चेहरा है। उसको अब हम जनता के बीच में बेनकाब करने जा रहे हैं। वहीं, संविधान का सम्मान भी जरूरी है। यदि 400 का आंकड़ा पार हो गया होता तो आज संविधान बदल दिया गया होता।
वन नेशन-वन इलेक्शन क्यों?
उन्होंने आगे कहा कि मैं देश के साथ-साथ अयोध्यावासियों को बधाई देता हूं, जिन्होंने 400 का आंकड़ा ना पार कराते हुए भाजपा को बैसाखी पर खड़ा कर दिया। प्रधानमंत्री नारा देते हैं, वन नेशन-वन इलेक्शन। मैं कहता हूं वन नेशन-वन इलेक्शन क्यों? अगर आवश्यकता ही है तो सबसे पहले वन नेशन-वन एजुकेशन होना चाहिए। शिक्षा समान होनी चाहिए। ताकि गरीब, अमीर, गांव, शहर छोटे-बड़े सबके बेटी और बेटे अच्छी शिक्षा और समान शिक्षा प्राप्त कर सकें।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular