राधिका आप्टे की सिस्टर मिडनाइट सिनेमाघरों में होगी रिलीज, बाफ्टा में हो चुकी है नॉमिनेट

अभिनेत्री राधिका आप्टे की बाफ्टा नॉमिनेटेड फिल्म सिस्टर मिडनाइट 23 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म का लेखन और निर्देशन करण कंधारी ने किया है। यह उनके निर्देशन की पहली फिल्म है। इसका निर्माण एलेस्टेयर क्लार्क, एना ग्रिफिन और एलन मैकएलेक्स द्वारा किया गया है।
फिल्म की कहानी राधिका आप्टे के किरदार के आस-पास घूमती है। नवविवाहित उमा (राधिका आप्टे) अपने पति गोपाल (अशोक पाठक) के साथ जीवन में सामंजस्य बैठाने की कोशिश करती है। मुंबई में एक छोटे से कमरे में साथ रहना उसके लिए आसान नहीं है। खासकर तब जब गोपाल घंटों गायब रहता है। बेमन से वह पड़ोसी शीतल (छाया कदम) की मदद से खाना बनाना सीखती है। इसके बाद गोपाल के चचेरे भाई की शादी में शामिल होने के बाद असंतुष्ट उमा के लिए चीजें बदल जाती हैं। मच्छर के काटने से वह बीमार महसूस करने लगती है, वह पीली और पतली हो जाती है। धीरे-धीरे उसे जानवरों के खून की प्यास लगती है।
सिस्टर मिडनाइट फिल्म में राधिका आप्टे के अलावा अशोक पाठक, छाया कदम, स्मिता तांबे और नव्या सावंत भी हैं। शानदार कलाकारों से भरी यह फिल्म अब सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इस साल के बाफ्टा में उत्कृष्ट ब्रिटिश डेब्यू के लिए नामांकित ‘सिस्टर मिडनाइट’ 77वें कान फिल्म फेस्टिवल में सबसे चर्चित फिल्म थी। यह फिल्म गोल्डन कैमरा पुरस्कार और डायरेक्टर्स फोर्टनाइट के लिए नामांकित की गई थी। ब्रिटिश इंडिपेंडेंट फिल्म अवार्ड्स के लिए भी यह नामांकित हुई थी। ‘सिस्टर मिडनाइट’ ने ऑस्टिन के फैंटास्टिक फेस्ट में नेक्स्ट वेव अवार्ड में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार भी जीता।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular