बॉलीवुड की इस एक्ट्रेस को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, पिछले साल इसी बीमारी से गई पिता की जान

बॉलीवुड एक्ट्रेस और फिल्ममेकर तनिष्ठा चटर्जी इन दिनों एक बेहद मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। अपनी अदाकारी से फिल्म इंडस्ट्री में खास पहचान बनाने वाली तनिष्ठा को स्टेज 4 ब्रेस्ट कैंसर होने की जानकारी मिली है। इस खुलासे के बाद उनके चाहने वाले काफी दुखी हो गए हैं। लेकिन इस दुखद समय में भी तनिष्ठा खुद को टूटने नहीं दे रही हैं।
हाल ही में एक इंटरव्यू में तनिष्ठा ने अपने संघर्ष और इस बीमारी के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि यह खबर उन्हें चार महीने पहले मिली थी। जब उन्होंने कैंसर के बारे में जाना, तब वह मानसिक रूप से पूरी तरह से बिखर गई थीं। उनका दर्द इस बात से और गहरा हो गया क्योंकि पिछले साल उन्होंने अपने पिता को भी कैंसर की वजह से खोया था।
तनिष्ठा ने भावुक होते हुए कही बड़ी बात
तनिष्ठा ने भावुक होते हुए बताया कि पिता की मौत के बाद वह उस सदमे से बाहर भी नहीं निकल पाईं थीं कि जिंदगी ने एक और बड़ा झटका दे दिया। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्हें अपनी 70 साल की मां और 9 साल की बेटी की जिम्मेदारी भी संभालनी थी, जिसके लिए उन्हें हर हाल में मजबूत दिखना पड़ा। उन्होंने कहा, ‘मैं पहली बार खुद को थका हुआ महसूस कर रही हूं। हमेशा स्ट्रॉन्ग बनी रही, लेकिन अब जैसे सब खत्म हो गया है। इस बीमारी के बारे में जानकर मैंने खुद से सवाल किया कि मेरे साथ ही क्यों?’
बेटी को तनिष्ठा ने भेजा अमेरिका
तनिष्ठा ने इस मुश्किल घड़ी में भी मां की तरह सोचते हुए एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने अपनी बेटी को अमेरिका भेज दिया है ताकि उसका बचपन इन हालातों का शिकार न हो। उन्होंने बताया कि बेटी उनसे दूर नहीं जाना चाहती थी लेकिन उन्होंने उसे उसकी मौसी के पास भेजा ताकि वो खुद को अकेला महसूस न करे और उसके जीवन पर इस बीमारी का असर न पड़े। तनिष्ठा कहती हैं कि उन्होंने अपनी बेटी को यह समझाने की कोशिश की कि ममता और प्यार सिर्फ मां से नहीं और भी लोगों से मिल सकता है। यह कदम उन्होंने बेटी की मानसिक और भावनात्मक भलाई को ध्यान में रखते हुए उठाया।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular