जुलाई में मचेगी तबाही, शुरू हो गया काउंटडाउन? नई बाबा वेंगा की भविष्यवाणी से खौफ में दुनिया!

जुलाई 2025 आने से पहले ही जापान समेत पूरी दुनिया में एक अजीब-सा डर पसर गया है। इसकी वजह हैं एक रहस्यमयी जापानी मंगा कलाकार रयो तत्सुकी, जिनकी किताब ‘The Future I Saw’ में की गई चौंकाने वाली भविष्यवाणी ने इन दिनों पूरी दुनिया में बवाल मचाया हुआ है। लोग रयो तत्सुकी को अब नई ‘बाबा वेंगा’ (मशहूर बल्गेरियाई भविष्यवक्ता) कहने लगे हैं। क्योंकि, मंगा कलाकार की कई पुरानी भविष्यवाणियां सच हो चुकी हैं। उनकी किताब में किए दावे की मानें, तो अगले महीने 5 जुलाई को जापान में एक भयानक आपदा आने वाली है, जिसमें सुनामी की लहरें तीन गुना अधिक ऊंचाई तक पहुंच सकती हैं!
जापानी मंगा कलाकार की इस डरा देने वाली भविष्यवाणी ने सोशल मीडिया पर भयंकर बवाल काट रखा है। लाखों लोग इसे लेकर टेंशन में हैं, और लगातार इस पर पोस्ट और वीडियो शेयर कर रहे हैं। कोई सुनामी की आशंका जता रहा है, तो कोई कह रहा है कि महाप्रलय आने वाली है, जिसकी जड़ें जापान और फिलीपींस के बीच समुद्र के भीतर किसी रहस्यमयी दरार से जुड़ी हो सकती हैं।
रयो तत्सुकी खुद को बुरे सपनों के जरिए भविष्य देखने वाली बताती हैं। बताया जाता है कि उन्होंने अपनी किताब ‘द फ्यूचर आई साउ’ में जिन घटनाओं का जिक्र किया है, उनमें से कई सच साबित हुई हैं। सबसे ज्यादा चर्चा उनकी 1999 में की गई उस भविष्यवाणी की होती है, जो मार्च 2011 को जापान में आए शक्तिशाली भूकंप और सुनामी से काफी मिलती-जुलती थी। इस प्राकृतिक आपदा ने जापान को हिलाकर रख दिया था।
अब 5 जुलाई को लेकर की गई उनकी भविष्वाणी ने लोगों में खौफ पैदा कर दिया है। हालांकि, रयो तत्सुकी ने अपनी किताब में साफ-साफ नहीं बताया है कि आखिर ये आपदा क्या होगी, लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे शक्तिशाली भूकंप और सुनामी मान लिया है, जो महाप्रलय का कारण बनेंगे। डरा देने वाली इस भविष्यवाणी का असर ये हुआ है कि पर्यटकों ने जापान से किनारा कर लिया है। ब्लूमबर्ग इंटेलीजेंस की रिपोर्ट के अनुसार, जापान के लिए जून के आखिर और जुलाई की शुरुआत में फ्लाइट बुकिंग में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। हांगकांग की एक ट्रैवल एजेंसी का कहना है कि ऐसा लगता है कि टूरिस्ट डर के मारे जापान का नाम तक नहीं लेना नहीं चाहते! एजेंसी का कहना है कि अप्रैल-मई के स्प्रिंग ब्रेक में भी जापान की बुकिंग में 50 फीसदी तक गिरावट आई थी। वहीं, कई लोगों ने अपनी गर्मियों की छुट्टियों की प्लानिंग तक कैंसल कर दी है। उधर, जापान ने इन भविष्यवाणियों को पूरी तरह से बकवास करार दिया है। मियागी प्रांत के गवर्नर योशिहिरो मुराई ने कहा, अफवाहों पर ध्यान न दें, बिंदास होकर जापान आएं। ऐसी अफवाहें पर्यटन को प्रभावित करती हैं। डरने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जापानी देश छोड़कर कहीं नहीं जा रहे हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular